अपर सेशन न्यायाधीश न्यायालय का फैसला; 12.50 लाख रुपए अर्थदण्ड की सजा भी कायम, जुर्माना अदा नहीं करने पर छह माह का अतिरिक्त कारावास
चित्तौड़गढ़। स्मार्ट हलचल|चेक अनादरण के मामले में अपर सेशन न्यायाधीश संख्या-1, चित्तौड़गढ़ ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए अभियुक्त श्यामसिंह भाटी की अपील खारिज कर दी। पीठासीन अधिकारी डॉ. शरद कुमार व्यास ने 2 नवंबर 2026 को दिए निर्णय में अधीनस्थ न्यायालय द्वारा सुनाई गई दोषसिद्धि और सजा को बरकरार रखा। इसके तहत अभियुक्त को दो वर्ष के साधारण कारावास और 12 लाख 50 हजार रुपए के अर्थदण्ड की सजा कायम रखी गई है। अर्थदण्ड अदा नहीं करने पर छह माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।
प्रकरण के अनुसार, परिवादी पुष्पेन्द्र सिंह ने अपने अधिवक्ताओं के माध्यम से अभियुक्त श्यामसिंह भाटी के विरुद्ध चेक अनादरण का परिवाद न्यायालय में पेश किया था। परिवाद में बताया गया कि अभियुक्त ने परिवादी से 12 लाख रुपए उधार लिए थे। इस राशि के पुनर्भुगतान के लिए अभियुक्त ने अपने बैंक खाते का चेक नंबर 163966, दिनांक 20 मार्च 2021, राशि 12 लाख रुपए, भारतीय स्टेट बैंक की पूठोली शाखा, चित्तौड़गढ़ का दिया था। अभियुक्त ने विश्वास दिलाया था कि नियत तारीख पर बैंक में पेश करने पर चेक का भुगतान मिल जाएगा, लेकिन चेक अनादरित हो गया और परिवादी को राशि प्राप्त नहीं हुई।
परिवादी की ओर से कानूनी नोटिस भिजवाने के बाद भी अभियुक्त ने चेक में अंकित राशि का भुगतान नहीं किया। इसके बाद परिवादी ने अधिवक्ताओं के माध्यम से न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया। अधीनस्थ न्यायालय ने मामले में अभियुक्त श्यामसिंह भाटी को दोषसिद्ध पाते हुए 12 लाख 50 हजार रुपए अर्थदण्ड और दो वर्ष के साधारण कारावास से दण्डित किया था। अर्थदण्ड जमा नहीं कराने पर छह माह के अतिरिक्त साधारण कारावास का आदेश भी दिया गया था।
इस दोषसिद्धि के विरुद्ध अभियुक्त ने अपील न्यायालय में दाण्डिक अपील प्रस्तुत की। अपील पर सुनवाई के बाद अपर सेशन न्यायालय ने अपील खारिज करते हुए अधीनस्थ न्यायालय के पूर्ववर्ती दोषसिद्धि एवं दण्डादेश की पुष्टि की और उसे यथावत बरकरार रखा।
अपील में परिवादी/रेस्पोंडेंट की ओर से अधिवक्ता रत्नेश कुमार जैन (बोहरा), विशाल सिंह भाटी, श्रीमती मोनिका जैन और परिक्षित कल ने पैरवी की।
प्रकरण: श्यामसिंह भाटी बनाम पुष्पेन्द्र सिंह, दाण्डिक अपील, निर्णय दिनांक 2 नवंबर 2026।