ब्रह्माकुमारी केंद्र पर दीपावली स्नेह मिलन एवं जनप्रतिनिधियों का सम्मान समारोह आयोजित

तहसील क्षेत्र की 20 ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं चौमहला के वार्ड पंचों का किया सम्मान
चौमहला।स्मार्ट हलचल|प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय केंद्र चौमहला की ओर से रविवार को दीपावली स्नेह मिलन एवं नवनिर्वाचित सरपंच एवं वार्ड पंच सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तहसील गंगधार क्षेत्र की 20 ग्राम पंचायतों के सरपंचों सहित चौमहला ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित वार्ड पंचों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में भाजपा जिला मंत्री गौतम जैन, भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक गायरी, व्यापार महासंघ संयोजक दिलीप जैन, चौमहला सरपंच बगदीराम गायरी, उपसरपंच राहुल तिवारी, गंगधार सरपंच महेंद्र सिंह जोधाना एवं देवीसिंह बिलावली मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं परमात्म स्मृति के साथ हुआ। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्थान की ओर से सभी नवनिर्वाचित सरपंचों एवं वार्ड पंचों का दुपट्टा ओढ़ाकर, माला पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया।
समारोह को भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक गायरी, भाजपा जिला मंत्री गौतम जैन, सरपंच पाडलिया नरेंद्र सिंह एवं पारापीपली सरपंच ईश्वर सेन ने संबोधित किया। वक्ताओं ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि गांवों के विकास, जनसमस्याओं के समाधान तथा सामाजिक समरसता बनाए रखने में जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
केंद्र संचालिका बीके गीता दीदी ने सभी नवनिर्वाचित सरपंचों एवं वार्ड पंचों को बधाई देते हुए कहा कि दीपावली का पर्व जीवन में खुशियों, प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता का संदेश देता है। जनप्रतिनिधियों को भी अपने दायित्वों का निर्वहन सेवा, सहयोग, ईमानदारी एवं आध्यात्मिक मूल्यों के साथ करना चाहिए। उन्होंने सभी को राजयोग एवं परमात्म स्मृति के माध्यम से जीवन में शांति और सकारात्मकता अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन सुरेंद्र कालरा ने किया।
इस अवसर पर पारस मेहता, गोपाल जैन, गिरीश जैन, राजू अग्रवाल, दुर्गाशंकर नायक, अमन प्रजापति, रामचंद्र बैरागी, ओमप्रकाश पंजाबी सहित संस्थान से जुड़े अनेक भाई-बहन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।