श्रीगंगानगर के रामसिंहपुर रेलवे ट्रैक बम विस्फोट मामले में बड़ा खुलासा: एटीएस और गंगानगर पुलिस ने पंजाब के गुरदासपुर से दो मुख्य आरोपी किए गिरफ्तार
• डीजीपी राजीव शर्मा और एडीजी दिनेश एमएन के निर्देशन में काउंटर इंटेलिजेंस पंजाब के सहयोग से की गई संयुक्त कार्रवाई
• पाकिस्तानी हैंडलर ‘शाह’ के संपर्क में थी मुख्य अभियुक्ता महकदीप कौर; विदेशी पिस्टल, 46 जिंदा कारतूस और नकदी बरामद
जयपुर 15 नवम्बर। स्मार्ट हलचल|श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर हुए बम विस्फोट के मामले में राजस्थान एटीएस और जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पंजाब के गुरदासपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह शामिल हैं। प्रारंभिक अनुसंधान में महकदीप कौर के पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में होने तथा अपने साथी के साथ मिलकर विस्फोट की वारदात को अंजाम देने के तथ्य सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्टल, 46 जिंदा कारतूस और विस्फोट के लिए प्राप्त 30 हजार रुपये बरामद किए हैं।
महानिदेशक पुलिस राजस्थान श्री राजीव शर्मा ने 3 नवम्बर 2026 को हुई इस गंभीर घटना को देखते हुए एडीजीपी एटीएस, एजीटीएफ एवं एएनटीएफ श्री दिनेश एम.एन. तथा महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश को आवश्यक निर्देश दिए। निर्देशों की पालना में महानिरीक्षक पुलिस एटीएस श्री राजेश सिंह एवं महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रकरण की मॉनिटरिंग की तथा एटीएस और श्रीगंगानगर जिला पुलिस को सभी पहलुओं पर गंभीरता से अनुसंधान करने के निर्देश दिए।
संयुक्त टीम ने पंजाब में दी दबिश
एडीजीपी श्री दिनेश एम.एन. के निर्देशन में एटीएस और श्रीगंगानगर जिला पुलिस अधीक्षक श्री हरिशंकर के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई। अनुसंधान के दौरान विभिन्न केंद्रीय जांच एजेंसियों से भी संपर्क कर इनपुट प्राप्त किए गए। प्राप्त सूचनाओं और उनके तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गुरदासपुर निवासी महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह की घटना में संलिप्तता की संभावना सामने आई।
इसके बाद संदिग्धों के तकनीकी तथ्यों और सोशल मीडिया अकाउंट्स का विस्तृत विश्लेषण किया गया। सूचना का सत्यापन करने के लिए प्रकरण के अनुसंधान अधिकारी प्रशिक्षु आईपीएस श्री नितिन चौधरी तथा एटीएस यूनिट बीकानेर के प्रभारी श्री सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम पंजाब भेजी गई। टीम ने काउंटर इंटेलीजेंस पंजाब तथा गुरदासपुर के एसएसपी श्री आदित्य आईपीएस के साथ आसूचना एवं तकनीकी विश्लेषण से संबंधित जानकारी साझा की। संयुक्त कार्रवाई में शनिवार 14 नवम्बर को गुरदासपुर से महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह को दस्तयाब कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।

पाकिस्तानी हैंडलर के निर्देश पर विस्फोट करने का आरोप
प्रारंभिक जांच के अनुसार महकदीप कौर का पति करणवीर सिंह मादक पदार्थ तस्करी के मामले में पंजाब में गिरफ्तार हुआ था। इसके बाद महकदीप कौर के कथित रूप से पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में आने की जानकारी सामने आई है। जांच में शाह नामक पाकिस्तानी हैंडलर तथा पाकिस्तान में चाचा नाम से पहचाने जाने वाले व्यक्ति के निर्देशों पर आरोपियों द्वारा रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने की साजिश रचने की बात सामने आई है।
अनुसंधान के अनुसार आरोपियों ने सबसे पहले 6 अक्टूबर 2026 को रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने की योजना बनाई थी, लेकिन बम उपलब्ध नहीं होने के कारण योजना को अंजाम नहीं दिया जा सका। इसके बाद 12-13 अक्टूबर को पाकिस्तानी हैंडलर शाह द्वारा उपलब्ध करवाए गए टाइमर बम को रेलवे ट्रैक पर लगाया गया, लेकिन तकनीकी खामियों के कारण विस्फोट नहीं हो सका। अंततः 3 नवम्बर 2026 को रात करीब 9:45 बजे उपलब्ध करवाए गए टाइमर बम से रेलवे ट्रैक पर विस्फोट किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला होने के कारण संदेह से बचने की मंशा से रामसिंहपुर क्षेत्र का चयन किया गया। जांच में आरोपियों को ऑनलाइन माध्यम से भुगतान प्राप्त होने तथा सोशल मीडिया पर सक्रिय गैंगस्टरों की प्रोफाइल फॉलो करने और उनसे प्रभावित होने के तथ्य भी सामने आए हैं। पुलिस इस पूरे नेटवर्क, पाकिस्तानी हैंडलरों और आरोपियों के संपर्कों की गहनता से जांच कर रही है।
दो विदेशी पिस्टल और 46 कारतूस बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्टल और 46 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अतिरिक्त विस्फोट की वारदात के लिए प्राप्त 30 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं। पुलिस थाना रामसिंहपुर में दर्ज प्रकरण संख्या 209/2026 में दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों, संदिग्ध संपर्कों और आर्थिक लेन-देन के संबंध में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
अकेली महिलाओं को फंसाने का नया चलन
महकदीप शाह नामक पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में थी और उसने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। वह मुख्य आरोपी है और दूसरा आरोपी उसकी मदद के लिए साथ गया। उसे शाह और पाकिस्तान में चाचा नाम के व्यक्ति ने निर्देश दिए थे, जो मूलतः आईएसआई से जुड़ा बताया गया है। जांच के अनुसार अकेली महिलाओं को रोमांटिक रुचि दिखाकर और पैसे का लालच देकर जाल में फंसाने का नया चलन सामने आया है। इससे पहले एटीएस ने गंगापुर शहर से बबीता नामक महिला को भी गिरफ्तार किया था, जिसे पाकिस्तानी एजेंटों ने प्रेम के जाल में फंसाया था।
संयुक्त कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारी
गुरदासपुर में कार्रवाई के लिए गई टीम में एडीजीपी श्री दिनेश एम.एन., प्रशिक्षु आईपीएस एवं एएसपी श्री नितिन चौधरी, एटीएस के एएसपी श्री मनीष शर्मा तथा एएसपी श्री सुरेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। आरोपियों की गिरफ्तारी में गुरदासपुर एसएसपी श्री आदित्य आईपीएस और उनकी टीम का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
आमजन से पुलिस की अपील
राजस्थान पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पाकिस्तान स्थित हैंडलरों एवं आपराधिक गैंगस्टरों के सोशल मीडिया अकाउंट्स और उनके संपर्कों से दूरी बनाए रखें। सोशल मीडिया या मोबाइल नंबरों के माध्यम से किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित पुलिस एजेंसी को सूचित करें। भावनात्मक संदेशों, भ्रामक प्रचार और उकसावे वाली सामग्री से प्रभावित होकर किसी भी संदिग्ध या राष्ट्रविरोधी गतिविधि में शामिल न हों।
किसी भी गैंगस्टर, राष्ट्रविरोधी गतिविधि अथवा अपराध से संबंधित सूचना राजस्थान एटीएस के नियंत्रण कक्ष नंबर 0141-2601583 एवं व्हाट्सएप नंबर 9001999070 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान एवं गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जाएगा।