नाबालिग की मौत से जागेगा चिकित्सा महकमा? झोलाछापों पर कार्रवाई की मांग!

महेन्द्र नागौरी

सुभाषनगर में मेडिकल स्टोर पर अवैध इलाज के दौरान छात्रा की मौत का मामला, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|शहर से गांवों तक फैले झोलाछाप डॉक्टरों और कथित मेडिकल माफिया के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है। सुभाषनगर थाना क्षेत्र में मेडिकल स्टोर पर अवैध इलाज के दौरान इंजेक्शन लगाने से नाबालिग छात्रा की मौत के मामले को गंभीर बताते हुए द मूवमेन्ट ऑफ इण्डिया फाउण्डेशन के अध्यक्ष दयाराम दिव्य ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।
दिव्य ने आरोप लगाया कि जिले में बिना वैध डिग्री के इलाज करने वाले तथाकथित डॉक्टर और मेडिकल स्टोर संचालक लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं। कई ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध क्लीनिक और अस्थायी उपचार केंद्र संचालित होने के बावजूद जिम्मेदार विभागों की कार्रवाई नाकाफी है।
उन्होंने पूरे जिले में विशेष अभियान चलाकर अवैध क्लीनिक बंद कराने, दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा लापरवाह अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। इस संबंध में जिला कलेक्टर और सीएमएचओ को भी ज्ञापन भेजा गया है।