राजस्थान की इस ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए मचा घमासान, 43 प्रत्याशी मैदान में; निर्वाचन आयोग को जारी करने पड़े अतिरिक्त चुनाव चिन्ह

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

सवाई माधोपुर।स्मार्ट हलचल|पंचायत राज चुनाव 2026 में जिले की एक ग्राम पंचायत ने अपने नाम एक अनोखा रिकॉर्ड दर्ज कर लिया है। यहां सरपंच पद के लिए प्रत्याशियों की संख्या इतनी अधिक हो गई कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अधिकतम 40 चुनाव चिन्ह भी कम पड़ गए। मामला सवाई माधोपुर पंचायत समिति की सूरवाल ग्राम पंचायत का है।
करीब 6,566 मतदाताओं वाली सूरवाल ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। यहां सरपंच पद के लिए कुल 55 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किए। नामांकन पत्रों की संवीक्षा एवं नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद भी 43 प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे हुए हैं।
गौरतलब है कि निर्वाचन आयोग की ओर से सरपंच पद के लिए अधिकतम 40 निर्वाचन प्रतीक चिन्ह निर्धारित किए गए हैं। लेकिन सूरवाल ग्राम पंचायत में प्रत्याशियों की संख्या 40 से अधिक होने के कारण शेष तीन प्रत्याशियों के लिए राज्य निर्वाचन आयोग से विशेष अनुमति लेनी पड़ी। आयोग की अनुमति के बाद तीन अतिरिक्त चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए।
प्रत्याशियों की इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए मतदान प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए अतिरिक्त मतदान कार्मिक भी लगाए गए हैं।
इस तरह सूरवाल ग्राम पंचायत पंचायत राज चुनावों में जिले की सबसे चर्चित ग्राम पंचायत बन गई है। चर्चा यह भी है कि सरपंच पद के लिए 43 प्रत्याशियों के मैदान में होने के कारण यह प्रदेश की ऐसी एकमात्र ग्राम पंचायत हो सकती है, जहां इतनी बड़ी संख्या में उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि इतने प्रत्याशियों के बीच सूरवाल की जनता किसे अपना सरपंच चुनती है।