बूथों पर पहुंचकर संभागीय आयुक्त-आईजी ने परखी चुनावी व्यवस्थाएं, सुरक्षा पर रखी पैनी नजर

 

मसूदा-बदनोर के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।पंचायती राज आम चुनाव के चतुर्थ चरण में मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सोमवार को प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मैदान में नजर आए। संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ एवं पुलिस महानिरीक्षक डॉ. रवि ने मसूदा और बदनोर क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मसूदा क्षेत्र के बाड़ी, हनुतिया, सथाना, पीपलाज एवं झाक खास तथा बदनोर क्षेत्र के रामपुरा और पाटन सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पेयजल, छाया, रैंप, व्हीलचेयर और मतदाताओं के लिए कतार प्रबंधन जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। संभागीय आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पीठासीन अधिकारियों से मतदान प्रतिशत और ईवीएम मशीनों के संचालन की जानकारी भी ली।

वहीं पुलिस महानिरीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस जाब्ते को पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने, लगातार मोबाइल पेट्रोलिंग करने तथा आदर्श आचार संहिता की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस दौरान संभागीय आयुक्त एवं आईजी ने मतदान केंद्रों पर कतार में खड़े मतदाताओं से बातचीत कर उन्हें निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना, रिटर्निंग अधिकारी मसूदा दीपशिखा, पुलिस उप अधीक्षक शिवराज सिंह, तहसीलदार भींवराज परिहार, सीआई राजवीर सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।