ऊकरूंद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: घर में अनाज की टंकी से मिली अवैध 12 बोर बंदूक, आरोपी गिरफ्तार

मंडावर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दी दबिश, बिना लाइसेंस हथियार बरामद कर आर्म्स एक्ट में दर्ज किया मामला

नीरज मीणा

मंडावर (दौसा)। स्मार्ट हलचल/मंडावर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम ऊकरूंद में एक मकान से अवैध 12 बोर बंदूक बरामद की है। पुलिस ने मौके से हथियार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों में हड़कंप मच गया।जिला पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया आईपीएस एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकरलाल मीना के निर्देशन तथा महवा वृत्ताधिकारी अनूपसिंह के सुपरविजन में मंडावर थानाधिकारी हरिओम मीना के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।

पुलिस प्रेस नोट के अनुसार 15 नवंबर 2026 को मंडावर थाना पुलिस की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान ड्यूटी ऑफिसर हेड कांस्टेबल विनोद कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम ऊकरूंद निवासी लाखन सिंह मीना के मकान में अवैध 12 बोर बंदूक रखी हुई है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंची और मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर के अंदर रखी अनाज की टंकी में बिना लाइसेंस अथवा अनुमति के रखी 12 बोर बंदूक बरामद हुई। पुलिस ने हथियार को नियमानुसार जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

ये पुलिसकर्मी रहे कार्रवाई में शामिल

कार्रवाई में मंडावर थानाधिकारी हरिओम मीना, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार नंबर 89, कांस्टेबल प्रताप सिंह नंबर 241 तथा कांस्टेबल चालक पप्पूराम नंबर 427 शामिल रहे।
पुलिस अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।