ब्यावर में पहली बार सजी गीता कम्यूनिटी की पुस्तक प्रदर्शनी, दर्शन और सामाजिक चेतना से जुड़ी पुस्तकों ने खींचा लोगों का ध्यान
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।किताबों के जरिए विचारों को नई दिशा देने की पहल के तहत रविवार शाम शहर के चांग गेट क्षेत्र में गीता कम्यूनिटी की ओर से पुस्तक प्रदर्शनी आयोजित की गई। धर्मगुरु एवं लेखक आचार्य प्रशांत के मार्गदर्शन में संचालित इस पहल में दर्शन, सामाजिक जागरूकता और जीवन से जुड़े विभिन्न विषयों पर आधारित पुस्तकों का संग्रह प्रदर्शित किया गया।प्रदर्शनी में शहरवासियों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। लोगों ने पुस्तकों को न केवल देखा, बल्कि मौके पर ही उनका अध्ययन कर अपने पसंदीदा विषयों की किताबें भी खरीदीं। खास बात यह रही कि कई लोगों ने बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने और उन्हें जागरूक बनाने के उद्देश्य से भी पुस्तकें खरीदीं।
गीता कम्यूनिटी से जुड़े भास्कर कुमार ने बताया कि ब्यावर में पहली बार इस पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इसका उद्देश्य आचार्य प्रशांत के विचारों और उनके संदेशों को पुस्तकों के माध्यम से आमजन तक पहुंचाना है, ताकि लोग विचारों की गहराई को समझकर अपने जीवन को बेहतर दिशा दे सकें।
आयोजन में अजमेर से आए पुस्तक विक्रेता नितिन अनंत सहित भास्कर कुमार, वर्षा मारोठिया, बबीता मोरवाल, चारू शर्मा एवं विनय अवस्थी ने सहयोग किया।