कोटड़ी में बंदर का आतंक, सात वर्षीय मासूम पर किया हमला, पैर बुरी तरह फाड़ा

अब तक करीब एक दर्जन लोगों को बना चुका शिकार, कई घटनाओं के बावजूद बंदर को पकड़ने में प्रशासन विफल

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

स्मार्ट हलचल|कोटड़ी-कोटड़ी कस्बे में बंदर का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक बंदर करीब एक दर्जन लोगों को अपना शिकार बना चुका है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन बंदर को पकड़ने में नाकाम साबित हो रहा है।
बंदर ने एक सात वर्षीय मासूम पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार, खोलपुरा निवासी शिवराज सिंह रावणा राजपूत का सात वर्षीय पुत्र आनंदपाल सिंह रावणा अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक बंदर ने उस पर हमला कर दिया और उसके पैर को बुरी तरह से फाड़ डाला। घाव इतना गहरा था कि अंदर की हड्डी तक दिखाई देने लगी।
घटना के बाद परिवार में अफरा तफरी मच गई। परिजनों ने बच्चे को उपचार के लिए पहुंचाया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी यही बंदर बच्चों सहित करीब एक दर्जन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुका है। लगातार हो रही घटनाओं से कस्बेवासियों में भय और दहशत का माहौल है।
लगातार हमलों के बावजूद कार्रवाई नहीं
एक के बाद एक हमले होने के बावजूद बंदर को पकड़ने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने से लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी है। कस्बेवासियों ने प्रशासन से जल्द बंदर को पकड़ने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके।