ओम जैन
शंभूपुरा। स्मार्ट हलचल|गंगरार उपखण्ड की ग्राम पंचायत सुवनिया के सरपंच चुनाव में युवा जगदीश चंद्र मेनारिया ने ऐतिहासिक और प्रचंड जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी हीरा लाल को 1643 वोटों के भारी अंतर से हराकर सरपंच पद पर कब्जा किया। इस बड़ी जीत के बाद पूरे सुवनिया गांव में जश्न और उत्साह का माहौल है।सुवनिया पंचायत के इस चुनाव में कुल 2263 वोट डाले गए थे, जिसमें से जगदीश चंद्र मेनारिया को 1935 वोट एवं हीरा लाल को 292 वोट वही नोटा पर 7 वोट ओर 29 वोट खारिज हुए।
इस हिसाब से जगदीश मेनारिया को कुल वोटों का करीब 85% वोट मिला, जो अपने आप में एवं जिलेभर मे एक रिकॉर्ड है।
गांव ने जताया भरोसा
चुनाव परिणाम आते ही समर्थकों ने जगदीश मेनारिया को कंधे पर उठा लिया और ढोल-नगाड़ों के साथ पूरे गांव में विजय जुलूस निकाला। ग्रामीणों का कहना है कि यह जीत सिर्फ वोटों की जीत नहीं, बल्कि विकास और ईमानदारी पर जनता के भरोसे की जीत है।
एक वृद्ध मतदाता ने बताया, “जगदीश हमेशा से गांव के हर सुख-दुख में साथ खड़े रहे हैं। इसलिए गांव ने एकतरफा वोट देकर उन्हें सरपंच बनाया है।”
सरपँच जगदीश ने जताया आभार
जीत के बाद नवनिर्वाचित सरपंच जगदीश चंद्र मेनारिया ने सुवनिया की देवतुल्य जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “आप सभी ने जो 1643 वोटों के अंतर से ऐतिहासिक जीत दिलाई है, मैं इसके लिए दिल से आभारी हूं। मैं वादा करता हूं कि सुवनिया पंचायत को विकास के मामले में आदर्श पंचायत बनाऊंगा और बिना भेदभाव के सभी के काम करूंगा।”
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता गांव में सड़क, पानी, शिक्षा और स्वच्छता के अधूरे कार्यों को पूरा करना रहेगी।