मुख्य बाजारों की समस्याओं पर नगर निगम सख्त, सफाई और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

 

व्यापारियों की मांग पर शाम 6 से 8 बजे तक बाजारों में ऑटो टिपर चलाने का सुझाव,
सब्जी मंडी के गेट और शौचालय की समस्या भी उठी

भीलवाड़ा
स्मार्ट हलचल|शहर के मुख्य बाजारों में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान को लेकर नगर निगम प्रशासन और मार्केट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक नगर निगम के मीटिंग हॉल में आयोजित हुई। महापौर जसवंत कंवर की अध्यक्षता एवं उप महापौर राधेश्याम सोमानी के सानिध्य में हुई बैठक में व्यापारियों ने बाजारों की सफाई, नालियों की व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं।
बैठक में व्यापारियों ने मुख्य बाजारों की नालियों का लेवल सही करवाने तथा उनकी नियमित और प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने की मांग रखी। व्यापारियों का कहना था कि नालियों की अव्यवस्थित व्यवस्था और समय पर सफाई नहीं होने से बाजारों में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा बाजारों में बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए शाम 6 से रात 8 बजे तक ऑटो टिपर संचालित करने का सुझाव भी दिया गया, ताकि दुकानदारों और व्यापारियों को कचरा निस्तारण में सुविधा मिल सके।
सुबह संचालित होने वाली सब्जी मंडी की समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने मंडी के गेटों की मरम्मत करवाने के साथ ही वहां आने वाले ग्राहकों, दुकानदारों एवं अन्य लोगों की सुविधा के लिए शौचालय निर्माण करवाने की मांग उठाई।
नगर निगम आयुक्त कमल सिंह यादव ने बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजारों की व्यवस्थाओं में सुधार करना निगम की प्राथमिकता है, ताकि व्यापारियों और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
बैठक में पार्षद ममता बाहेती, सौरभ तंवर, खुशबू गोसाई सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।