शशांक बिड़ला बने राष्ट्रीय खेल मंत्री, राघव कोठारी राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री पद पर निर्विरोध निर्वाचित
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी युवा संगठन की पंचदश सत्र (2026–2029) की नवनिर्वाचित राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भीलवाड़ा के दो युवाओं ने महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त कर शहर का गौरव बढ़ाया है। 15 नवंबर 2026 को श्री गिरिराज जी गोवर्धन की पावन धरा पर संपन्न निर्वाचन प्रक्रिया में भीलवाड़ा के श्री शशांक बिड़ला राष्ट्रीय खेल मंत्री तथा श्री राघव कोठारी राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए। यह निर्वाचन प्रक्रिया निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शरद सोनी जी (नागपुर) की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई, जिनके सम्मुख पंचदश सत्र (2026–2029) के पदाधिकारियों का निर्वाचन निर्विघ्न रूप से संपन्न हुआ। मुख्य चुनाव अधिकारी श्री अमित सारड़ा ने गोवर्धन में अंतिम निर्वाचन परिणामों की आधिकारिक घोषणा की। दोनों युवाओं को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व मिलने से भीलवाड़ा के माहेश्वरी समाज एवं युवा वर्ग में हर्ष का वातावरण है।
पंचदश सत्र की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर श्री अनुज सोनी (जयपुर), राष्ट्रीय महामंत्री पद पर श्री पुष्पक लढ़ा (मुंबई), राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय वाणिज्यक मंत्री पद पर श्री सागर लोहिया (अकोला), राष्ट्रीय संगठन मंत्री पद पर श्री सुनील सोनी (हैदराबाद) एवं राष्ट्रीय सांस्कृतिक मंत्री पद पर श्री वैभव भूतड़ा (हुबली) निर्वाचित हुए हैं। विशेष उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पश्चिमांचल से चार पदाधिकारियों को प्रतिनिधित्व मिला है, जिनमें राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अनुज सोनी (जयपुर), राष्ट्रीय खेल मंत्री श्री शशांक बिड़ला (भीलवाड़ा), राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री अविनाश अजमेरा (कोटा) एवं राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री श्री राघव कोठारी (भीलवाड़ा) शामिल हैं। इस प्रकार भीलवाड़ा के दो युवाओं को राष्ट्रीय नेतृत्व में जिम्मेदारी मिलने के साथ पश्चिमांचल का संगठन में महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हुआ है।