शाश्वत तिवारी
जिनेवा|स्मार्ट हलचल|भारत ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक शांति के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए स्विट्जरलैंड के जिनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय (पैलेस डेस नेशंस) को एक ऐतिहासिक उपहार दिया है। भारत सरकार ने यहां नवनिर्मित ‘मेडिटेशन रूम’ (ध्यान कक्ष) के लिए “द गोल्डन सन” नामक एक भव्य और प्रतीकात्मक कलाकृति भेंट की है। यह ऐतिहासिक क्षण इसलिए भी बेहद खास है, क्योंकि संयुक्त राष्ट्र के जिनेवा मुख्यालय को भारत की ओर से दी गई यह पहली कलाकृति है।
भारत की प्राचीन और शाश्वत सभ्यता से प्रेरित यह अनूठी कलाकृति, मानव जीवन में ध्यान, आत्म-चिंतन और वैश्विक सद्भाव की परिवर्तनकारी शक्ति को एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि है। कूटनीतिक और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण इस उपहार का अनावरण जिनेवा में आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान किया गया, जिसमें संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष अधिकारियों और भारत सहित विभिन्न देशों के राजनयिकों ने भाग लिया।
जिनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने 17 नवंबर को एक्स पर लिखा दुनिया में शांति की शुरुआत अपने भीतर की शांति से होती है। भारत की ओर से स्थायी प्रतिनिधि अरिंदम बागची ने जिनेवा के ‘पैलेस डेस नेशंस’ में यूएन के नवनिर्मित ‘मेडिटेशन रूम’ के लिए “द गोल्डन सन” नामक कलाकृति भेंट की। भारत की प्राचीन और शाश्वत सभ्यता से प्रेरित यह कलाकृति ध्यान, आत्म-चिंतन और सद्भाव की परिवर्तनकारी शक्ति को एक श्रद्धांजलि है।
“द गोल्डन सन” केवल एक कलात्मक कृति मात्र नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण विश्व के लिए आंतरिक शांति, एकता और आध्यात्मिक जागरूकता का संदेशवाहक भी है। संयुक्त राष्ट्र के व्यस्त कूटनीतिक माहौल के बीच बनाया गया यह ध्यान कक्ष, विश्व भर के राजनयिकों, प्रतिनिधियों और कर्मचारियों को मानसिक शांति और एकाग्रता के लिए एक शांत वातावरण प्रदान करेगा। इस कक्ष में भारत की ओर से स्थापित यह सुनहरा सूर्य (गोल्डन सन) प्रकाश, ऊर्जा और सकारात्मकता का प्रतीक बनकर उभरेगा।