मांडल में माहेश्वरी महिला संगठन की बैठक आयोजित, सामाजिक एकता और महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर

प्रतिभाओं को किया सम्मानित, हाट बाजार के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश

(रमेश चंद्र डाड)

आकोला।स्मार्ट हलचल|माहेश्वरी महिला संगठन के अष्टम सत्र की बैठक, कार्य समिति एवं कार्यकारिणी की बैठक मांडल में आयोजित हुई। बैठक में जिले की विभिन्न तहसीलों से संगठन की अध्यक्ष, सचिव एवं पदाधिकारी शामिल हुईं। मांडल अध्यक्ष सुधा बिरला ने सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों का स्वागत किया।जिला संयुक्त मंत्री आशा पटवारी ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य सामाजिक एकता, संगठन की मजबूती, महिलाओं की सक्रिय सहभागिता एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से समाज और संगठन को नई दिशा मिलती है।बैठक में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ममता, प्रदेश अध्यक्ष सीमा कोगटा, जिलाध्यक्ष भारती बाहेती, जिला सचिव निशा काखाणी एवं जिला कोषाध्यक्ष दिव्या काल्या सहित संगठन की अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहीं।

राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ममता ने समाज के विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्हें संगठनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष सीमा कोगटा ने सभी सदस्यों से नियमित बैठकों में उपस्थित रहने तथा अधिक से अधिक सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता निभाने की अपील की।

बैठक में जिला कोषाध्यक्ष दिव्या काल्या ने संगठन के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया, जबकि संगठन मंत्री ने संगठनात्मक रिपोर्ट सदन के समक्ष रखी।

प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने दिखाई प्रतिभा

परिवार प्रबोधन समिति के अंतर्गत आयोजित भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा एवं विचारों का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

वहीं ‘रिश्तों की रोशनी’ कार्यक्रम में गंगापुर ने प्रथम, भीलवाड़ा ने द्वितीय तथा मांडल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

हाट बाजार से दिया आत्मनिर्भरता का संदेश

महिला स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बैठक में हाट बाजार भी लगाया गया। इसमें महिलाओं द्वारा तैयार एवं उपलब्ध कराई गई विभिन्न वस्तुओं का प्रदर्शन किया गया। इस पहल के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनकी प्रतिभा और हुनर को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में पावरल सचिव आरती बिरला ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।