20 नवंबर को होगी जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना, जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
अनिल कुमार खीची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।पंचायत राज चुनाव की मतगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 20 नवंबर को होने वाली जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए राजकीय पटेल उच्च माध्यमिक विद्यालय में 234 गणन पर्यवेक्षकों एवं सहायक गणन पर्यवेक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया।प्रशिक्षण में जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि मतगणना निर्वाचन प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील चरण है। इसमें प्रत्येक कार्मिक की जिम्मेदारी अहम है। सभी कार्मिक पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित नियमों की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित करें।
जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार भाटी, नेमीचन्द यादव एवं खीमराज कटारिया ने कार्मिकों को मतगणना की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने मतगणना की निर्धारित प्रक्रिया, नियमों, सावधानियों एवं विभिन्न जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी देते हुए व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन एवं समुचित प्रबंधन राजकीय पटेल उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार भाटी द्वारा किया गया।