1963 से बना रिकॉर्ड टूटा, घटियावली पंचायत में इतिहास में पहली बार उपसरपंच बने सरपंच, ज्ञानेश्वर पुरी गोस्वामी ने रचा नया इतिहास

ओम जैन

शंभूपुरा।स्मार्ट हलचल|ग्राम पंचायत घटियावली में 63 साल पुराना रिकॉर्ड आखिरकार 2026 में टूट गया। 1963 में पंचायत के गठन के बाद से लेकर आज तक कभी भी ऐसा नहीं हुआ था कि उपसरपंच रहा व्यक्ति सरपंच के पद तक पहुंचा हो, लेकिन इस बार के पंचायत चुनाव में ज्ञानेश्वर पुरी गोस्वामी ने यह असंभव सा लगने वाला रिकॉर्ड तोड़कर नया इतिहास रच दिया।

1963 से चला आ रहा था यह अनोखा रिकॉर्ड

जानकारी के अनुसार 1963 में घटियावली ग्राम पंचायत अस्तित्व में आई थी। तब से लेकर सभी पंचायत चुनावों में कई चेहरे सरपंच बने, कई उपसरपंच बने, लेकिन एक परंपरा सी बन गई थी कि जो एक बार उपसरपंच बन गया, वह दोबारा सरपंच नहीं बन पाता था। गांव के बुजुर्ग बताते हैं कि कई कद्दावर उपसरपंचों ने सरपंच बनने के लिए किस्मत आजमाई, लेकिन हर बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

पिछले कार्यकाल में थे उपसरपंच, अब बने सरपंच

ज्ञानेश्वर पुरी गोस्वामी पिछले कार्यकाल में ग्राम पंचायत घटियावली के उपसरपंच के पद पर थे। उपसरपंच रहते हुए उन्होंने गांव में सक्रियता से काम किया, हर सुख-दुख में लोगों के साथ खड़े रहे और विकास कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, उसी मेहनत और जनसेवा का नतीजा है कि इस बार जनता ने उन्हें सीधे सरपंच के पद पर बिठाकर 63 साल पुरानी मान्यता को तोड़ दिया।

उपसरपंच रहते हर छोटे बड़े काम को दी प्राथमिकता

कहीं पंचायतें ऐसी होती है जहां सरपंच भी सक्रिय नहीं होते वहीं अधिकांश पंचायत में तो लोग अपनी ही पंचायत के उपसरपंच का नाम तक नहीं जानते लेकिन शायद यह कहना गलत नही होगा कि राजस्थान में पहली ऐसी ग्राम पंचायत घटियावली होगी जहां सरपंच से कहीं अधिक तो उपसरपंच ज्ञानेश्वर पुरी गोस्वामी सक्रिय रहे और उन्होंने अपने गांव व गांव के लोगों के हर छोटे-बड़े कार्य को एसपी कलेक्टर ही नहीं बल्कि कहीं बार प्रदेश मुख्यालय जयपुर पहुंचकर मंत्रियों, विभागीय अधिकारियों तक पहुंचाएं और उन कार्यों का, समस्याओं का समाधान करवाया। शायद इसी के बदौलत ज्ञानेश्वर पुरी ने ग्राम वासियों के दिल में वह जगह बना ली की ग्राम वासियों ने सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए उन्हें उपसरपंच से सरपंच की कुर्सी तक पहुंचा दिया।

गांव में जश्न का माहौल

ज्ञानेश्वर पुरी गोस्वामी के सरपंच बनते ही पूरे घटियावली गांव में जश्न का माहौल है। ग्रामीण इसे “रिकॉर्ड ब्रेक जीत” बता रहे हैं। युवाओं का कहना है कि सरपँच गोस्वामी ने यह साबित कर दिया है कि अगर नीयत साफ हो और काम किया हो तो कोई भी रिकॉर्ड टूट सकता है।
अपनी जीत के बाद ज्ञानेश्वर पुरी गोस्वामी ने कहा “यह जीत मेरी नहीं, घटियावली की देवतुल्य जनता की जीत है। उपसरपंच के तौर पर जो प्यार आपने दिया था, उसी का नतीजा है कि आज आपने मुझे सरपंच बनाया है। मैं इस ऐतिहासिक जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाऊंगा।”
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में घटियावली पंचायत विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगी।