उदपुरा में नए सरपंच ने संभाला पदभार, 46 वोटों की ऐतिहासिक जीत के बाद उदयराम गुर्जर ने किया पदभार ग्रहण

ओम जैन

शंभूपुरा।स्मार्ट हलचल|ग्राम पंचायत उदपुरा में नवनिर्वाचित सरपंच उदयराम गुर्जर ने गुरुवार को विधिवत रूप से सरपंच पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण समारोह में पूरे गांव में उत्साह और हर्ष का माहौल देखने को मिला।गणमान्य लोगों की मौजूदगी में किया पदभार|पदभार ग्रहण के इस अवसर पर ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच मोहन लाल, कालूराम कानपुरा, राजपाल सिंह सांकल खेड़ा, नवनिर्वाचित उपसरपंच देऊ बाई गुर्जर, सभी वार्ड पंच और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। सभी ने नवनिर्वाचित सरपंच उदयराम गुर्जर का माला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
मौके पर उपस्थित पूर्व सरपंच मोहन लाल ने कहा कि उदयराम गुर्जर एक युवा और कर्मठ चेहरा हैं और उनके नेतृत्व में उदपुरा पंचायत विकास के नए आयाम स्थापित करेगी।

46 वोटों की ऐतिहासिक जीत

बता दें कि इस बार के पंचायत चुनाव में उदयराम गुर्जर ने अपने प्रतिद्वंदी को 46 वोटों के अंतर से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। इस जीत को उदपुरा पंचायत के इतिहास में अब तक की ऐतिहासिक जीत माना जा रहा है।

विधायक चंद्रभान आक्या से लिया आशीर्वाद

जीत के बाद सरपंच उदयराम गुर्जर सीधे क्षेत्रीय विधायक चंद्रभान आक्या के कार्यलय पहुंचे और उनसे आशीर्वाद लिया। विधायक आक्या ने भी उदयराम गुर्जर का गर्मजोशी से स्वागत किया, उपरणा पहनाकर अभिनंदन किया और उन्हें जीत की बधाई दी।
विधायक ने कहा कि उदयराम जैसे युवा सरपंचों से ही गांवों में विकास की नई सोच आएगी और उन्होंने हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सरपंच उदयराम गुर्जर ने कहा कि उनकी प्राथमिकता उदपुरा पंचायत में पानी, सड़क, शिक्षा और स्वच्छता के कार्यों को पूरा करना रहेगा और वे बिना भेदभाव के सभी को साथ लेकर चलेंगे।