(दीपक राठौर)
सांसद दामोदर अग्रवाल ने रेलवे की उच्चस्तरीय बैठक में उठाया प्रमुखता से मुद्दा
सेंडस्टोन उद्योग को मिलेगा अन्तर राष्ट्रीय बाजार से सीधा जुड़ाव, रेलवे ने सर्वे कराने का दिया आश्वासन;
ड्राई पोर्ट की संभावनाओं का भी खुलेगा रास्ता
बिजौलियाँ|स्मार्ट हलचल|बिजौलिया को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की बहुप्रतीक्षित माँग को लेकर भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने रेलवे के समक्ष पुरजोर तरीके से आवाज उठाई। बिजौलिया क्षेत्र में सेंडस्टोन के विशाल खनन क्षेत्र, देश-विदेश में इसकी बढ़ती माँग और निर्यात की अपार संभावनाओं को देखते हुए उन्होंने बिजौलिया में रेलवे स्टेशन स्थापित करने तथा क्षेत्र को रेल मार्ग से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा। रेलवे अधिकारियों ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए सर्वे कराने की बात कही।
आज उम्मेद भवन पैलेस में पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल की महत्वपूर्ण बैठक भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कोटा मंडल क्षेत्र के सांसदों एवं सांसद प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की रेलवे संबंधी समस्याओं, यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
बैठक में पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डी.के. सिंह एवं मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी जनप्रतिनिधियों के सुझावों को गंभीरता से सुना तथा यात्री सुविधाओं और क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बिजौलिया के सेंडस्टोन उद्योग को मिलेगा रेलवे कनेक्टिविटी का लाभ
सांसद दामोदर अग्रवाल ने बिजौलिया में सेंडस्टोन की प्रचुर उपलब्धता, खदानों से होने वाले बड़े पैमाने पर उत्पादन, घरेलू बाजार में लगातार बढ़ती माँग और अंतरराष्ट्रीय निर्यात की संभावनाओं को रेखांकित करते हुए कहा कि यदि बिजौलिया को रेलवे लाइन से जोड़ा जाता है तो रेलवे को भी माल परिवहन के माध्यम से पर्याप्त राजस्व प्राप्त हो सकता है।
उन्होंने बिजौलिया में रेलवे स्टेशन की स्थापना और क्षेत्र को रेल नेटवर्क से जोड़ने की माँग को प्रमुखता से रखा।
रेलवे अधिकारियों ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक सहमति व्यक्त करते हुए भविष्य में कोटा चित्तौड़गढ़ रेल्वे लाइन के दोहरीकरण के समय बिजोलिया को इस लाइन से जोड़ने की संभावना हेतु आवश्यक सर्वे कराने का आश्वासन दिया।
रेलवे कनेक्टिविटी से खुलेगा ड्राई पोर्ट का रास्ता
बिजौलिया को रेलवे से जोड़ना केवल यात्री परिवहन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
भविष्य में रेलवे कनेक्टिविटी विकसित होने पर बिजौलिया क्षेत्र में ड्राई पोर्ट स्थापित करने की संभावनाएँ भी विकसित हो सकती हैं। वर्तमान में सेंडस्टोन को कांडला एवं मुंद्रा पोर्ट तक सड़क मार्ग से ट्रेलरों के माध्यम से भेजने में उद्यमियों को भारी परिवहन लागत वहन करनी पड़ती है।
रेलवे के माध्यम से माल परिवहन की सुविधा उपलब्ध होने पर परिवहन लागत में उल्लेखनीय कमी आ सकती है। इससे खनन उद्यमियों, निर्यातकों, स्थानीय व्यापारियों और रोजगार से जुड़े लोगों को लाभ मिलने के साथ-साथ क्षेत्र के औद्योगिक विकास को भी नई गति मिल सकती है।
भीलवाड़ा जिले के अन्य रेलवे स्टेशनों की समस्याएँ भी उठाईं
बैठक में सांसद अग्रवाल ने कोटा रेलवे मंडल के अंतर्गत भीलवाड़ा जिले के माण्डलगढ़, ऊपरमाल, श्यामपुरा, जालिन्द्रि एवं बरुन्दनी सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों से जुड़ी प्रमुख समस्याओं और माँगों को भी अधिकारियों के सामने रखा।
उन्होंने स्टेशनों के विस्तार, अंडरपास निर्माण, यात्री सुविधाओं में सुधार तथा विभिन्न ट्रेनों के ठहराव जैसी आवश्यकताओं पर ध्यान आकर्षित किया।
इसके साथ ही उन्होंने लंबे समय से प्रतीक्षित कोटा-उदयपुर मेमू ट्रेन के शीघ्र संचालन की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए रेलवे अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने ऊपरमाल स्टेशन के साथ-साथ बरुन्दनी स्टेशन पर भी ट्रेन के ठहराव की माँग रखी, जिस पर अधिकारियों ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बिजौलिया के विकास को मिलेगी नई पहचान
यदि भविष्य में बिजौलिया रेलवे नेटवर्क से जुड़ता है तो इसका लाभ बिजौलिया के साथ-साथ ऊपरमाल क्षेत्र के नागरिकों, खनन उद्यमियों, व्यापारियों और निर्यातकों को भी मिलेगा। इससे क्षेत्र की औद्योगिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई मजबूती मिल सकती है।
विशेष रूप से सेंडस्टोन उद्योग के लिए रेलवे कनेक्टिविटी एक बड़ा बदलाव ला सकती है। इससे परिवहन लागत कम होने, निर्यात को बढ़ावा मिलने, नए निवेश आकर्षित होने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावनाएँ हैं।
बैठक में सांसद प्रतिनिधियों में भीलवाड़ा से संजय धाकड़, बारां-झालावाड़ से धीरज गुप्ता, चित्तौड़गढ़ से कमलेन्द्र सिंह हाड़ा, मंदसौर-नीमच से राजदीप परवाल, राजगढ़ से आदित्य शर्मा, मथुरा से संजय गोविल एवं उज्जैन से महेंद्र गादिया उपस्थित रहे।