वार्ड नंबर छह प्रताप नगर में जिओ टावर पर छापेमारी से मचा हड़कंप, कनपुरवा पावर हाउस क्षेत्र के अन्य टावरों पर कार्रवाई कब?
खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू के वार्ड नंबर छह प्रताप नगर में संचालित जिओ मोबाइल टावर पर बुधवार को विजिलेंस टीम ने छापेमारी की। जांच के दौरान टावर का विद्युत कनेक्शन वैध नहीं पाया गया। टीम ने मौके पर ही टावर की बिजली आपूर्ति काट दी। बताया जा रहा है कि यह टावर पिछले करीब पांच वर्षों से बिना वैध विद्युत कनेक्शन के संचालित हो रहा था। विजिलेंस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों में भी खलबली मच गई है।
जानकारी के अनुसार, खखरेरू विद्युत उपकेंद्र कनपुरवा के अंतर्गत आने वाले वार्ड नंबर छह प्रताप नगर स्थित जिओ मोबाइल टावर को लेकर विजिलेंस टीम को गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर बुधवार दोपहर करीब दो बजे टीम ने अचानक टावर परिसर में छापेमारी की। जांच के दौरान टावर संचालक की ओर से वैध विद्युत कनेक्शन और संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद टीम ने मौके पर ही बिजली की लाइन काटकर कार्रवाई की।
हैरानी की बात यह है कि क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क जैसी महत्वपूर्ण व्यावसायिक सेवा से जुड़ा टावर कथित तौर पर करीब पांच वर्षों से बिना वैध विद्युत कनेक्शन के संचालित होता रहा, लेकिन स्थानीय स्तर पर इसकी भनक संबंधित विभागीय अधिकारियों को क्यों नहीं लगी? यदि टावर इतने लंबे समय से संचालित था तो नियमित निरीक्षण और विद्युत चोरी रोकने की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आनी चाहिए।
विजिलेंस टीम की कार्रवाई के बाद क्षेत्रीय लोगों ने कनपुरवा पावर हाउस के अंतर्गत संचालित अन्य मोबाइल टावरों की भी जांच कराने की मांग उठाई है। स्थानीय लोगों का दावा है कि क्षेत्र में अभी भी चार से पांच अन्य मोबाइल टावर संचालित हैं, जिनके विद्युत कनेक्शन और आवश्यक दस्तावेजों की जांच होनी चाहिए। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या विभाग इन सभी टावरों की निष्पक्ष जांच कराएगा या कार्रवाई केवल एक टावर तक ही सीमित रह जाएगी?
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि एक टावर में अनियमितता मिलने पर बिजली काटने की कार्रवाई की जा सकती है तो अन्य टावरों की भी जांच होनी चाहिए, ताकि बिजली चोरी और अवैध विद्युत उपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
अब देखना यह है कि विजिलेंस और बिजली विभाग कनपुरवा पावर हाउस क्षेत्र के अन्य मोबाइल टावरों की भी जांच कर कार्रवाई करते हैं या फिर यह अभियान एक टावर की कार्रवाई तक सिमटकर रह जाता है।
पूरी कार्रवाई के दौरान विजिलेंस टीम के साथ एसडीओ, अवर अभियंता (जेई) और लाइनमैन सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।