:- पुष्पवर्षा से हुआ अभिनंदन,
:- ढोल-नगाड़ों के साथ उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
:- सदर बाजार जैन मंदिर में किए दर्शन
:- शाम को बिरधोल के लिए किया विहार
राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
स्मार्ट हलचल|धर्मनगरी कोटड़ी में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त जैन दिगंबर संत परम पूज्य मनोज्ञाचार्य मुनि श्री 108 पुलक सागर जी महाराज ससंघ का भीलवाड़ा में चातुर्मास सम्पन्न करने के बाद प्रथम भव्य मंगल प्रवेश हुआ। महाराज श्री के आगमन पर पूरा नगर गुरुमय हो गया। जैन समाज सहित समस्त ग्रामवासियों ने ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे और पुष्पवर्षा के साथ संत संघ की भव्य अगवानी की। नगर के विभिन्न चौराहों पर श्रद्धालुओं ने जगह-जगह स्वागत कर दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। मंगल प्रवेश के दौरान चुंगी नाका एवं नए बस स्टैंड तथा रास्ते में घरों के बाहर श्रद्धालुओं ने केसर मिश्रित जल से महाराज श्री का पाद प्रक्षालन कर अभिनंदन किया। वहीं पुराने बस स्टैंड पर नवनिर्वाचित सरपंच नरपतसिंह शक्तावत एवं कांग्रेस नगर अध्यक्ष सत्यनारायण आचार्य सहित ग्रामवासियों ने पुष्प बिछाकर गुरुदेव का भावपूर्ण स्वागत किया। इस दौरान सरपंच नरपतसिंह शक्तावत ने गुरुदेव के चरण पखारकर आशीर्वाद प्राप्त किया। यह दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष श्रद्धा और समर्पण का क्षण रहा।
मन्दिर में प्रवचन के दौरान जैन व जेनेत्तर रहे उपस्थित
जैन सन्त श्री पुलक सागर जी महाराज ने मंगल प्रवेश के दौरान सदर बाजार स्थित दिगंबर जैन मंदिर में प्रभु श्री शीतलनाथ भगवान के दर्शन किए। इसके पश्चात आयोजित धर्मसभा में गुरुदेव ने अपने प्रवचनों के माध्यम से धर्म, संस्कार, अहिंसा, संयम और सदाचार का संदेश दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं को जीवन में नैतिक मूल्यों, अच्छे कर्मों और आत्मकल्याण को प्राथमिकता देने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि उसे अपने विचारों, व्यवहार और आचरण में उतारना ही सच्ची धर्म साधना है। उन्होंने करुणा, क्षमा, सेवा और परोपकार जैसे गुणों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। इसके पश्चात विद्यासागर वाटिका में महाराज श्री की आहारचर्या संपन्न हुई। कोटड़ी में जैन समाज के विभिन्न परिवारों की ओर से भी अपने घरों के बाहर महाराज श्री का पाद प्रक्षालन कर श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया। कोषाध्यक्ष गोपाल गोधा ने बताया कि महाराज श्री के मंगल प्रवेश को लेकर समाज के लोगों में विशेष उत्साह रहा तथा बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं एवं ग्रामीणों ने धर्मलाभ प्राप्त किया। इस दौरान दिगम्बर जैन समाज के अध्यक्ष नेमीचंद पाटोदी, संजय गोधा, पारस गोधा, दिनेश सेठी, मनोज सेठी, मनोज जैन, अनिल जैन, काव्य जैन, धर्मेंद्र पाटोदी, पंकज सेठी, हीरू पाटोदी, गोपाल गोधा, जयकुमार सेठी, कैलाश सेठी, राजकुमार गोधा, राकेश अजमेरा, अंकुर सेठी, विपिन पाटोदी, निशांत गोधा, दिनेश गोधा, नवनीत गोधा, लादूलाल गोधा, आयुष गोधा सहित जैन समाज के अनेक श्रावक-श्राविकाएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
शाम को बिरधोल के लिए किया विहार
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार महाराज श्री ने बुधवार शाम 4 बजे कोटड़ी से बिरधोल के लिए विहार किया। बिरधोल स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में रात्रि विश्राम करने के बाद गुरुवार, 19 नवंबर को सुबह 7 बजे बिरधोल से साँकड़ा स्कूल के लिए विहार करेंगे। वहां पहुंचने के बाद आहारचर्या संपन्न होगी। इसके पश्चात शाम 4 बजे पुनः विहार कर पूर्व प्रधान करण सिंह बैलवा के फार्म हाउस पर रात्रि विश्राम रहेगा।