सुनेल में मेघवाल समाज ने उठाई दो बड़ी मांगें, श्मशान भूमि से अतिक्रमण हटाने और बस्ती के पुनर्वास की मांग

कलेक्टर के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, श्मशान में बाउंड्रीवाल, टीनशेड व सुविधाएं विकसित करने तथा नाले किनारे बसी बस्ती को सुरक्षित स्थान पर बसाने की मांग
धनराज भंडारी
स्मार्ट हलचल |सुनेल में मेघवाल समाज ने अपनी दो प्रमुख समस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर झालावाड़ के नाम तहसीलदार सुनेल को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है। समाज ने एक ओर श्मशान भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाकर वहां मूलभूत सुविधाएं विकसित करने तथा दूसरी ओर मेघवाल मोहल्ले को बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से बचाने के लिए आबादी को सुरक्षित स्थान पर पुनर्वासित करने की मांग उठाई है।
ज्ञापन में बताया कि ग्राम सुनेल के खाता संख्या 01, खसरा संख्या 3317/433, रकबा 0.6197 हेक्टेयर भूमि मेघवाल समाज (एससी) के श्मशान के लिए आरक्षित है। समाज लंबे समय से इस भूमि का अंतिम संस्कार के लिए उपयोग करता आ रहा है, लेकिन बाउंड्रीवाल और अन्य सुविधाओं के अभाव में कुछ लोगों द्वारा भूमि पर अतिक्रमण कर कब्जा किए जाने की शिकायत की गई है। बारिश के दौरान अंतिम संस्कार करने में भी समाज के लोगों को परेशानी होती है।
समाज ने मांग की कि श्मशान भूमि का मौका मुआयना और सीमाज्ञान करवाकर अतिक्रमण हटाया जाए तथा चारदीवारी, टीनशेड, पेयजल के लिए ट्यूबवेल, पेड़-पौधे, बैठने के लिए कुर्सियां और पूरे परिसर में आरसीसी चेकर निर्माण करवाया जाए, ताकि अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को परेशानी नहीं हो।
वहीं दूसरे ज्ञापन में मेघवाल मोहल्ले को नाले के किनारे से हटाकर किसी सुरक्षित स्थान पर बसाने की मांग की गई। समाज के लोगों ने बताया कि मोहल्ले में अत्यधिक बारिश होने पर घरों में पानी घुस जाता है। इससे घरेलू सामान बहने और संपत्ति को नुकसान पहुंचने के साथ ही लोगों का सामान्य जनजीवन प्रभावित होता है।
ज्ञापन में बताया कि जलभराव के कारण बच्चों को स्कूल जाने, बीमार व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने तथा चिकित्सा, खानपान और अन्य जरूरी सुविधाएं प्राप्त करने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या को लेकर पूर्व में भी प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है। ग्राम पंचायत की कोरम बैठक में भी इस संबंध में प्रस्ताव बनाकर प्रस्तुत किया जा चुका है, लेकिन दूसरी जगह भूमि आरक्षित करने की प्रक्रिया में देरी हो रही है।
समाज ने प्रशासन से मांग की कि मेघवाल बस्ती के परिवारों को शीघ्र सुरक्षित स्थान पर आवासीय भूमि उपलब्ध करवाकर पुनर्वास किया जाए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास, पेयजल, बिजली और नालियों जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि हर साल बारिश के दौरान होने वाले नुकसान और परेशानियों से परिवारों को राहत मिल सके।
समाज ने जिला प्रशासन से दोनों मांगों पर गंभीरता से विचार कर मौके का निरीक्षण करवाने और शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।