गंगापोल गेट पर गणेश पूजन से शुरुआत, स्टेच्यू सर्किल पर दीपोत्सव तक दिखा जयपुर का शाही अंदाज
कहीं हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा, कहीं शहनाई की मधुर धुन; जयपुर के जन्मोत्सव पर संस्कृति और परंपरा का अनूठा संगम
अजय सिंह (चिंटू)
जयपुर -स्मार्ट हलचल|गुलाबी नगरी जयपुर के 299वें स्थापना दिवस पर बुधवार को शहर में आस्था, परंपरा और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला। ऐतिहासिक गंगापोल गेट पर प्रथम पूज्य भगवान गणेश की पूजा-अर्चना से शुरू हुआ उत्सव शाम होते-होते स्टेच्यू सर्किल पर रोशनी और रंगों के भव्य नजारे में बदल गया। कहीं हेलीकॉप्टर से बरसते फूलों ने लोगों को रोमांचित किया तो कहीं शहनाई की मधुर धुन, लोकगीतों पर थिरकते कलाकारों और आसमान में गूंजती आतिशबाजी ने स्थापना दिवस को यादगार बना दिया।
स्थापना दिवस के अवसर पर गंगापोल गेट पर महापौर सुनील कोठारी एवं जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा ने विधि-विधान के साथ भगवान गणेश का पूजन कर शहर की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। इस दौरान महापौर सुनील कोठारी ने जयपुरवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य, उपमहापौर सरोज कंवर, पार्षद विमल अग्रवाल, प्रतिभा शर्मा, कविता शर्मा, सुभाष संघी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पार्षद मौजूद रहे।
समारोह का आकर्षण उस समय और बढ़ गया, जब हेलीकॉप्टर से आमजन पर गुलाब की पंखुड़ियों की पुष्पवर्षा की गई। आसमान से बरसते फूलों ने उत्सव में शामिल लोगों को रोमांचित कर दिया। इसके बाद महापौर सुनील कोठारी ने गोविंददेवजी मंदिर पहुंचकर दर्शन एवं पूजन किया। मंदिर परिसर में कलाकारों ने जयपुर घराने की कथक नृत्य प्रस्तुति देकर सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक पेश की।
11 हजार दीपों की रोशनी से निखरा स्टेच्यू सर्किल
शाम को स्थापना दिवस का मुख्य आकर्षण स्टेच्यू सर्किल रहा, जहां राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने दीप प्रज्ज्वलन समारोह का शुभारंभ किया। गायत्री परिवार के सदस्यों ने मंत्रोच्चारण के साथ दीप प्रज्ज्वलित किए। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, सांसद मंजू शर्मा, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, महापौर सुनील कोठारी, उपमहापौर सरोज कंवर सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा एवं अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र कुमार बंसल सहित निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
स्टेच्यू सर्किल पर 11 हजार इलेक्ट्रॉनिक एवं मिट्टी के दीपकों की रोशनी ने पूरे परिसर को जगमगा दिया। चारों ओर सजे दीपों के बीच जयपुर की ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक वैभव का मनमोहक दृश्य नजर आया। कार्यक्रम में आठ हाथियों पर शहनाई वादन की विशेष प्रस्तुति ने समारोह को पारंपरिक राजसी रंग दिया। वहीं कलाकारों ने लोकगीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
आतिशबाजी ने बांधा समां, विदेशी सैलानियों ने भी लिया आनंद
समारोह के दौरान भव्य आतिशबाजी से आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से नहा उठा। दीपों की जगमगाहट, शहनाई की स्वर लहरियां, लोकनृत्य और आतिशबाजी ने ऐसा माहौल बनाया कि स्टेच्यू सर्किल पर मौजूद जयपुरवासी मंत्रमुग्ध हो गए। यहां भी हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई तथा गायत्री मंत्रों के उच्चारण से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम में प्रस्तुत जयपुर अखिल विश्व से न्यारा गीत ने शहर के प्रति गौरव और अपनत्व की भावना को स्वर दिया। समारोह में पहुंचे विदेशी सैलानियों ने भी इस सांस्कृतिक उत्सव का आनंद लिया।
कुल मिलाकर जयपुर का 299वां स्थापना दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि शहर की ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक आस्था, लोकसंस्कृति और आधुनिक उत्सवी अंदाज का ऐसा संगम बनकर सामने आया, जिसने गुलाबी नगरी की पहचान को एक बार फिर जीवंत कर दिया।