ब्यावर पुलिस की कार्यप्रणाली परखी, थानाधिकारियों को साइबर अपराध, नशा तस्करी और कानून-व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश
अनिल कुमार खींची
ब्यावर ।स्मार्ट हलचल।जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस आर्म्ड बटालियन्स एवं डीएसआरएफ राजस्थान जयपुर रुपिंदर सिंघ आईपीएस ने गुरुवार को ब्यावर जिले का एक दिवसीय आवधिक निरीक्षण किया। ब्यावर पहुंचने पर जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने डबल गार्ड के साथ उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
एडीजीपी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण, लंबित प्रकरणों, संसाधनों और जनसुनवाई व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद जिले के समस्त वृताधिकारियों एवं थानाधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर अपराधों की स्थिति और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में उन्होंने साइबर अपराध और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने, अपराधियों पर सख्ती बरतने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने पर भी जोर दिया।
रुपिंदर सिंघ ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थानों में आने वाले परिवादियों एवं पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित करें। आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण करें, ताकि पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो सके।
इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया, वृताधिकारी ब्यावर शहर नरेश पारीक, वृताधिकारी मसूदा शिवराज सिंह, वृताधिकारी जैतारण रामेन्द्र सिंह हाड़ा, वृताधिकारी रायपुर बंशीलाल पांडर, साइबर थाना प्रभारी अनिल पुरोहित सहित जिले के समस्त थानाधिकारी मौजूद रहे।