अनिल कुमार खीची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।चेक बाउंस के मामलों में न्यायालयों के चक्कर काट रहे पक्षकारों को राहत देने के लिए 21 नवंबर को ब्यावर में विशेष लोक अदालत आयोजित होगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित इस लोक अदालत में चेक अनादरण से जुड़े मामलों का आपसी सहमति और समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार आयोजित इस विशेष लोक अदालत में परक्राम्य लिखत अधिनियम 1881 की धारा 138 के तहत लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से लिया जाएगा। इसका उद्देश्य पक्षकारों को लंबी कानूनी प्रक्रिया से राहत दिलाकर कम समय में सुलभ न्याय उपलब्ध करवाना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सोनल पारिख ने बताया कि लोक अदालत पक्षकारों के लिए आपसी बातचीत और समझाइश से विवाद समाप्त करने का बेहतर अवसर है। इससे न केवल मामलों का शीघ्र निस्तारण होगा, बल्कि पक्षकारों के समय और धन की भी बचत होगी। उन्होंने परिवादियों एवं प्रतिवादियों से लोक अदालत में अधिकाधिक भागीदारी कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने अधिवक्ताओं, बैंकों एवं वित्तीय संस्थाओं के प्रतिनिधियों से भी सहयोग का आह्वान किया। विशेष लोक अदालत 21 नवंबर शनिवार को जिला न्यायालय परिसर ब्यावर में आयोजित होगी।