कोटा, 19 नवंबर, 2026।स्मार्ट हलचल|‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन), कोटा के अधिकारियों ने 18 नवंबर को हैंगिंग ब्रिज टोल, कोटा पर कार्रवाई करते हुए एक ब्रेजा कार से 16.431 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की। अफीम कार की स्टेपनी में छिपाकर रखी गई थी। इस मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है तथा कार को भी जब्त कर लिया गया है।केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, राजस्थान के उप नारकोटिक्स आयुक्त, कोटा श्री नरेश बुन्देल ने बताया कि सीबीएन अधिकारियों को विशेष सूचना मिली थी कि राजस्थान नंबर की एक ब्रेजा कार में झालावाड़ से जयपुर की ओर भारी मात्रा में अफीम ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर सीबीएन कोटा की टीम ने संदिग्ध मार्ग पर निगरानी रखी तथा हैंगिंग ब्रिज टोल पर संदिग्ध कार की पहचान कर उसे रुकवाया। तलाशी के दौरान कार की स्टेपनी में छिपाकर रखे गए नौ पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 16.431 किलोग्राम अवैध अफीम पाई गई।
उप नारकोटिक्स आयुक्त ने बताया कि ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो मादक पदार्थों की तस्करी के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर कार्य कर रहा है। ब्यूरो का उद्देश्य मादक पदार्थों की जब्ती के साथ-साथ अवैध तस्करी नेटवर्क एवं ड्रग कार्टेल्स पर प्रभावी अंकुश लगाना है। मादक पदार्थों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अफीम एवं कार को जब्त कर लिया गया तथा दोनों आरोपियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।