एसएमसी प्रशिक्षण से मजबूत होगी सरकारी स्कूलों की व्यवस्था-राज्य में 23 से 28 नवंबर तक तीन चरणों में होगा आयोजन,
* राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद ने जारी किया कार्यक्रम, प्रत्येक जिले से तीन-तीन केआरपी लेंगे भाग; जयपुर में होगा राज्य स्तरीय प्रशिक्षण
शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल।प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में विद्यालय प्रबंधन समितियों (एसएमसी) की भूमिका को अधिक प्रभावी बनाने तथा उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की ओर से राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण 23 से 28 नवंबर 2026 तक तीन चरणों में जयपुर में आयोजित होगा। इसमें प्रदेश के प्रत्येक जिले से तीन-तीन मुख्य संदर्भ व्यक्ति (केआरपी) भाग लेंगे।
इस संबंध में अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक ने समस्त मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों एवं पदेन जिला परियोजना समन्वयकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार प्रशिक्षण अमृता देवी सोसाइटी फॉर फॉरेस्ट्री एंड वाइल्डलाइफ ट्रेनिंग, जवाहर कला केंद्र के पास, जेएलएन मार्ग जयपुर में सुबह 10 बजे से आयोजित होगा। प्रदेश के जिलों को तीन समूहों में विभाजित कर अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं।
*तीन चरणों में होगा प्रशिक्षण*
* प्रथम चरण (23-24 नवंबर 2026): अजमेर, अलवर, बालोतरा, बांसवाड़ा, बारां, बाड़मेर, ब्यावर, भीलवाड़ा, बीकानेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, चूरू एवं दौसा जिलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
* द्वितीय चरण (25-26 नवंबर 2026): डीग, धौलपुर, डीडवाना-कुचामन, डूंगरपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, जैसलमेर, जालौर, झालावाड़, झुंझुनूं, जोधपुर, करौली एवं खैरथल-तिजारा जिलों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
* तृतीय चरण (27-28 नवंबर 2026): कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, नागौर, पाली, फलोदी, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूंबर, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक एवं उदयपुर जिलों के प्रतिभागियों का प्रशिक्षण होगा।
*प्रत्येक जिले से तीन केआरपी की भागीदारी अनिवार्य*
परिषद ने जिला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित संख्या के अनुसार तीन मुख्य संदर्भ व्यक्तियों को आवंटित तिथियों पर प्रशिक्षण में भेजना सुनिश्चित करें। प्रशिक्षणार्थियों के यात्रा एवं दैनिक भत्ते (टीए/डीए) का भुगतान संबंधित जिले के समग्र शिक्षा कार्यालय के माध्यम से किया जाएगा।
*एसएमसी की सक्रियता से बेहतर होगा विद्यालय विकास : सलावद*
शिक्षक संघ एलीमेंट्री सेकेंडरी टीचर एसोसिएशन (रेसटा), राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि विद्यालय प्रबंधन समितियां सरकारी स्कूलों के विकास, शैक्षिक गुणवत्ता और सामुदायिक सहभागिता की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि केआरपी का प्रभावी प्रशिक्षण होने से एसएमसी की कार्यक्षमता बढ़ेगी तथा अभिभावकों एवं समुदाय की विद्यालय विकास में भागीदारी मजबूत होगी। प्रशिक्षण का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब सीखी गई जानकारी को धरातल पर लागू कर प्रत्येक विद्यालय में समितियों को सक्रिय बनाया जाएगा।
*विद्यालयों में जनभागीदारी बढ़ाने की पहल*
प्रशिक्षित केआरपी के माध्यम से जिलों में आगे प्रशिक्षण एवं क्षमता संवर्धन की गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। इससे एसएमसी सदस्यों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने, विद्यालय विकास योजनाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने तथा शिक्षा व्यवस्था में सामुदायिक सहयोग को मजबूत करने में मदद मिलेगी।