कानपुर में सीन री -क्रिएशन से पता लगाएंगे कागज कारोबारी के बेटे के मौत की वजह, 6वीं मंजिल से गिराएंगे पुतला

सुनील बाजपेई
कानपुर।स्मार्ट हलचल|प्रेमिका से मिलने गए कागज कारोबारी विशाल खंडेलवाल के बेटे संभव की छठवीं मंजिल से गिरकर हुई मौत के मामले में पुलिस वजह का पता लगाने के लिए अब रि क्रिएशन का सहारा ले रही है। इसकी लगभग सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इसके लिए पुलिस संभव के वजन के बराबर का एक पुतला तैयार कर उसे 6वीं मंजिल से गिराएगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पुतले को घड़ी और चश्मा भी पहनाया जाएगा, जिससे यह पता चल सके की आखिर किन कारणों से मृतक का चश्मा और घड़ी नहीं टूटी। इसके साथ ही संभव की गर्लफ्रेंड के मामा प्रवीण उडानी और मृतक के बीच हुए झगड़े को भी जांच का प्रमुख बिंदु बनाया गया। इसके साथ ही संभव के मोबाइलों की कॉल डिटेल भी पुलिस खंगालेगी।
अवगत कराते कि बीते शनिवार को संभव अपनी दोस्त सुहाना से मिलने उसके मामा प्रवीण के बिठूर स्थित रुद्रा अपार्टमेंट गया था और शाम चार बजे के आसपास छठवीं मंजिल से गिरकर उसकी मौत हो गई थी। सुहाना ने संभव के परिजन और पुलिस को बताया था कि 10 साल के छोटे भाई के साथ गेंद खेलते हुए संभव बालकनी तक पहुंच गया था और वहीं दीपक का तेल फैला हुआ था, जिसमें पैर फिसलने से संभव बालकनी से नीचे जा गिरा था।
पुलिस प्रवीण, उसकी बहन, भांजी सुहाना और भांजे से दो दिन में करीब 40 सवाल कर चुकी है, लेकिन मामला हादसे से आगे नहीं बढ़ सका। बुधवार देर रात कागज कारोबारी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। पिता ने आरोप लगाया था कि उनके बेटे का एक महीने पूर्व प्रवीण से विवाद हुआ था, जिस पर प्रवीण ने बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
चल रही जांच के बीच कागज कारोबारी का आरोप था कि बेटे के मोबाइल से छेड़छाड़ की गई। इसके अलावा घटना के बाद गर्लफ्रेंड के घरवालों ने अलग-अलग बातें बताईं। पिता ने वाट्सएप चैट डिलीट करने का आरोप लगाया था। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि संभव उस दिन गर्लफ्रेंड के साथ होटल जाना चाहता था, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी वजह से उसने संभव को वाट्सएप पर ‘डोंट कम’ का मैसेज भेजा था। पुलिस सूत्रों का दावा है कि सीन रि – क्रिएशन की जाने की वजह सेकाफी हद तक सही वजह का पता चल जाएगा, जिसके आधार पर ही अगली कार्रवाई की जाएगी।