(नरेश नाथ होड़ा)
मांडलगढ़ में पेयजल लाइन टूटने से हजारों लीटर पानी व्यर्थ, तीन दिन से परेशान लोग
नई आबादी मेहनेम स्कूल गली में जलापूर्ति बाधित, अधिकारियों का जवाब—साधन और सामग्री उपलब्ध नहीं
मांडलगढ़ । स्मार्ट हलचल|मांडलगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में आमजन की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासनिक लापरवाही के आरोप सामने आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि समस्या लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों के पास पहुंचने पर अक्सर साधन एवं सामग्री उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर जिम्मेदारी टाल दी जाती है।नई आबादी स्थित मेहनेम स्कूल गली में पिछले तीन दिनों से पेयजलापूर्ति लाइन टूटी हुई है। इससे प्रतिदिन हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है, वहीं घरों तक पानी नहीं पहुंचने से स्थानीय निवासियों को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत करवाया, लेकिन उन्हें कथित तौर पर जवाब मिला कि विभाग के पास आवश्यक साधन और सामग्री उपलब्ध नहीं है। सामग्री आने के बाद ही लाइन दुरुस्त की जाएगी। ऐसे में लोगों में विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ रही है।
लोगों ने सवाल उठाया कि जब संबंधित विभाग के पास छोटी-मोटी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक संसाधन ही उपलब्ध नहीं हैं, तो आमजन को राहत कैसे मिलेगी? जिस वार्ड में तीन-तीन पार्षद रहते हैं, वहां भी समस्या का समय पर समाधान नहीं होना जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।
नगर पालिका प्रशासन और नए बोर्ड की कार्यप्रणाली पर भी लोगों ने नाराजगी जताई। आरोप है कि दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर भी शहर में नालियों की सफाई, सड़कों की सफाई, खराब रोड लाइटों और टाइमरों की मरम्मत जैसे कार्य समय पर नहीं हो पाए। इससे नगरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभागों एवं नगर पालिका प्रशासन से पेयजल लाइन की तत्काल मरम्मत करवाने, पानी की बर्बादी रोकने तथा शहर की मूलभूत समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने की मांग की है।