बनेड़ा पुलिस की बड़ी कार्यवाही: 100 किलो से अधिक अवैध अफीम डोडा-पोस्त बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

रायला -स्मार्ट हलचल|बनेड़ा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बनेड़ा थाना पुलिस एवं भीलवाड़ा डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लाम्बिया सरहद गांव के पास एक हुंडई अल्काजार कार से 100 किलो 440 ग्राम अवैध अफीम डोडा-पोस्त बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है।जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं शाहपुरा वृत्ताधिकारी के सुपरविजन में थाना प्रभारी ओमप्रकाश कासनिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार 18 नवंबर को डीएसटी टीम को सूचना मिली थी कि RJ 14 UH 1352 नंबर की अल्काजार कार में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना पर बनेड़ा थाना पुलिस एवं डीएसटी टीम ने संयुक्त रूप से नाकाबंदी कर कार को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कार में सवार दो व्यक्ति मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रम कुमार सैनी पुत्र पुरणमल सैनी (29), निवासी वार्ड नंबर 2, उदयपुरवाटी, जिला झुंझुनूं के रूप में हुई। कार की तलाशी लेने पर पांच कट्टों में भरा कुल 100.440 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा-पोस्त बरामद हुआ।

पुलिस ने मादक पदार्थ एवं तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। वहीं फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क, मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई से जुड़े लोगों के संबंध में गहन जांच कर रही है। इस कार्रवाई में बनेड़ा थाना पुलिस एवं डीएसटी टीम के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।