काछोला 20 नवंबर – स्मार्ट हलचल|कस्बे सहित क्षेत्र में देव उठनी एकादशी के साथ ही भगवान विष्णु के जागने के बाद शादी-विवाह जैसे मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो गई। करीब चार महीने के चातुर्मास के बाद इस शुभ मुहूर्त पर क्षेत्र में दर्जनों शादियां और सगाई के कार्यक्रम सम्पन्न हुए।सुबह से ही मंदिरों में तुलसी विवाह की धूम रही। महिलाओं ने तुलसी जी और शालिग्राम जी का विधि-विधान से विवाह कराया और सुख-समृद्धि की कामना की।दिनभर बैंड-बाजे, डीजे और शहनाई की गूंज से पूरा कस्बा गुलजार रहा। दूल्हा-दुल्हन के घरों में मेहमानों का आना-जाना लगा रहा। बाजारों में भी मिठाई, कपड़े और गहनों की दुकानों पर खूब भीड़ देखने को मिली।
पंडितों के अनुसार देव उठनी एकादशी को अबूझ मुहूर्त माना जाता है। इस दिन बिना मुहूर्त देखे भी मांगलिक कार्य होते हैं, इसलिए इस दिन शादियों की संख्या सबसे ज्यादा रहती है।
शादी समारोह में पहुंचे लोगों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि देव उठनी पर हुआ यह रिश्ता भगवान विष्णु के आशीर्वाद से हमेशा अटूट रहेगा।