सुबह कोटा जाने के लिए कई ट्रेनें, नई मेमू को शाम में रतलाम से चलाने की मांग

व्यापार संघ चौमहला ने रेलवे अधिकारियों को लिखा पत्र, दोपहर बाद रतलाम से चौमहला सहित कोटा-नागदा खंड के यात्रियों को ट्रेन नहीं मिलने से हो रही परेशानी
चौमहला।
स्मार्ट हलचल|कोटा-रतलाम के बीच प्रस्तावित नई मेमू ट्रेन की समय-सारणी को लेकर व्यापार संघ चौमहला ने रेल प्रशासन से बदलाव की मांग उठाई है। व्यापार संघ ने रेलवे के जनरल मैनेजर जबलपुर एवं मंडल रेल प्रबंधक कोटा को पत्र लिखकर प्रस्तावित ट्रेन को रतलाम से सुबह के बजाय शाम के समय संचालित करने का अनुरोध किया है।
सोशल मीडिया पर प्रसारित प्रस्तावित समय-सारणी के अनुसार मेमू ट्रेन कोटा से शाम 6.35 बजे रवाना होकर रात 12.20 बजे रतलाम पहुंचेगी, जबकि वापसी में रतलाम से सुबह 5 बजे रवाना होकर 11.50 बजे कोटा पहुंचने का समय बताया जा रहा है। व्यापार संघ ने इस समय-सारणी पर आपत्ति जताते हुए यात्रियों की वास्तविक जरूरतों के अनुसार संचालन समय निर्धारित करने की मांग की है।
पत्र में बताया गया कि सुबह के समय कोटा जाने के लिए कई ट्रेनें उपलब्ध हैं, लेकिन रतलाम से दोपहर 2 बजे के बाद चौमहला सहित कोटा-नागदा रेलखंड के स्टेशनों के लिए कोई ट्रेन नहीं है। ऐसे में नई मेमू ट्रेन को शाम के समय रतलाम से रवाना किया जाए, ताकि यात्रियों को दोपहर बाद एवं शाम के समय आवागमन की सुविधा मिल सके।
क्षेत्र के नागरिक लंबे समय से रतलाम-कोटा के बीच ट्रेन संचालन की मांग कर रहे हैं। फिरोजपुर जनता एक्सप्रेस बंद होने के बाद इस रेलखंड के यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। नई ट्रेन से क्षेत्र के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन यदि ट्रेन का संचालन सुबह के समय रतलाम से किया जाता है तो इसका लाभ क्षेत्र के यात्रियों एवं व्यापारियों को अपेक्षित रूप से नहीं मिल पाएगा।
रतलाम एक प्रमुख व्यापारिक मंडी है, जहां चौमहला एवं आसपास के क्षेत्र के व्यापारी खरीदारी और व्यापारिक कार्यों के लिए नियमित रूप से पहुंचते हैं। ट्रेन शाम के समय रतलाम से रवाना होने पर क्षेत्र के लोग सुबह रतलाम पहुंचकर अपने व्यापारिक कार्य पूरे कर समय पर वापस घर लौट सकेंगे।
व्यापार संघ ने रेल प्रशासन से यात्रियों की सुविधा, व्यापारिक गतिविधियों और क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित मेमू ट्रेन को रतलाम से शाम के समय संचालित करने की मांग की है।