गांवों की सरकार में कांटे की टक्कर, जिला परिषद में भाजपा तो पंचायत समितियों में कांग्रेस का पलड़ा भारी

 

27 जिला परिषद वार्डों में भाजपा ने 14 और कांग्रेस ने 13 सीटें जीतीं, सात पंचायत समितियों के 128 वार्डों के नतीजे घोषित

अनिल कुमार खीची

ब्यावर ।स्मार्ट हलचल।पंचायती राज चुनाव-2026 में ब्यावर जिले की ग्रामीण राजनीति में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। जिला परिषद के चुनाव में भाजपा ने एक सीट की बढ़त के साथ बाजी मार ली, वहीं पंचायत समितियों के परिणामों में कांग्रेस ने अधिकांश क्षेत्रों में अपनी ताकत दिखाई। जिले की सात पंचायत समितियों के 128 वार्डों की मतगणना शांतिपूर्ण संपन्न होने के साथ ही चुनावी तस्वीर साफ हो गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने बताया कि जिला परिषद के कुल 27 वार्डों में भाजपा ने 14 तथा कांग्रेस ने 13 वार्डों में जीत दर्ज की। वहीं पंचायत समिति रास के वार्ड संख्या 16 से भाजपा प्रत्याशी रोहिताश निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। शेष वार्डों की मतगणना के बाद सभी परिणाम घोषित कर दिए गए।

जिला परिषद में एक सीट से भाजपा आगे

जिला परिषद के वार्डवार परिणामों में वार्ड 1 से पूजा गुर्जर, वार्ड 2 से रामेश्वर देवासी, वार्ड 4 से ममता गुर्जर, वार्ड 6 से गुड्डी देवी, वार्ड 7 से चेतन राम, वार्ड 8 से अशोक कुमार कुमावत, वार्ड 9 से सुगरी, वार्ड 10 से रुकमा देवी, वार्ड 11 से आत्मा प्रकाश, वार्ड 13 से प्यारी देवी, वार्ड 23 से सुरेंद्र, वार्ड 25 से मेहमद काठात तथा वार्ड 26 से बहादुर लाल गुर्जर कांग्रेस के टिकट पर विजयी रहे।

वहीं भाजपा की ओर से वार्ड 3 से ज्योति चौहान, वार्ड 5 से सोनू देवी, वार्ड 12 से रेखा देवी, वार्ड 14 से निर्मला देवी, वार्ड 15 से संतोष कंवर, वार्ड 16 से मीना चौहान, वार्ड 17 से पुष्पा देवी, वार्ड 18 से कंचन कंवर, वार्ड 19 से टीकम सिंह, वार्ड 20 से ऐश्वर्या, वार्ड 21 से बिंदिया रावत, वार्ड 22 से निर्मला रावत, वार्ड 24 से महावीर तथा वार्ड 27 से हरदेव सिंह ने जीत दर्ज की।

जवाजा में भाजपा का दबदबा, जैतारण-मसूदा में कांग्रेस का परचम

पंचायत समिति चुनावों में जवाजा भाजपा का मजबूत गढ़ बनकर उभरा। यहां भाजपा ने 15 में से 12 वार्डों में जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस को 2 और निर्दलीय को 1 सीट मिली। रास में कांग्रेस ने 17 में से 11 सीटें जीतकर बढ़त बनाई। जैतारण में कांग्रेस ने 13, भाजपा ने 6 और निर्दलीयों ने 2 वार्डों में जीत दर्ज की।

रायपुर में कांग्रेस को 11, भाजपा को 9 तथा निर्दलीय को 1 सीट मिली। नरबदखेड़ा में कांग्रेस ने 7, भाजपा ने 6 और निर्दलीयों ने 2 सीटें हासिल कीं। बदनोर में कांग्रेस ने 8 तथा भाजपा ने 7 वार्डों में जीत दर्ज की। वहीं मसूदा में कांग्रेस ने 13, भाजपा ने 11 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने 1 वार्ड में जीत हासिल की।

जिला परिषद में भाजपा की बढ़त और पंचायत समितियों में कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन ने जिले की ग्रामीण राजनीति में दोनों दलों की मजबूत स्थिति सामने रखी है। चुनाव परिणामों के बाद अब पंचायत राज संस्थाओं में आगे की राजनीतिक गतिविधियों पर सबकी निगाहें रहेंगी।