कार्यकर्ताओं की मेहनत ने पंचायत चुनाव में दिखाई ताकत, कांग्रेस की जीत पर इशिका जैन गदगद

 

संगठन की एकजुटता और जनता के समर्थन को बताया सफलता का आधार, विजयी प्रत्याशियों सहित कार्यकर्ताओं को दी बधाई

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।पंचायत राज चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद कांग्रेस खेमे में उत्साह का माहौल है। जिले की सात पंचायत समितियों एवं जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस को मिली सफलता पर महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं स्टार प्रचारक इशिका जैन ने खुशी जाहिर की। उन्होंने इस जीत को पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और संगठन की एकजुटता का परिणाम बताते हुए सभी पदाधिकारियों, प्रत्याशियों और समर्थकों को बधाई दी।

इशिका जैन ने कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत और एकजुटता के साथ मैदान में उतरकर पार्टी के पक्ष में प्रचार किया। कार्यकर्ताओं के अथक प्रयास और आमजन के मिले समर्थन ने पार्टी को मजबूती प्रदान की। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम कार्यकर्ताओं के संघर्ष और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा का प्रमाण हैं।

जैन ने सभी विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जीत प्रत्येक कार्यकर्ता के परिश्रम का सम्मान है। कांग्रेस आगे भी आमजन की आवाज बनकर क्षेत्र के विकास, जनहित और जनसमस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसी जोश और एकजुटता के साथ जनता के बीच सक्रिय रहकर काम करने का आह्वान किया।