भीलवाड़ा पंचायती राज चुनाव परिणाम: जिला परिषद और पंचायत समितियों में कांग्रेस का एकतरफा दबदबा, 45 में से 31 जिला परिषद व 288 में से 168 पंचायत समिति सीटों पर दर्ज की जीत

पॉलीटेक्निक कॉलेज में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई मतगणना; 16 में से 13 पंचायत समितियों में कांग्रेस आगे, कोटड़ी, सहाड़ा व आसींद में भाजपा को बढ़त, जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू ने कार्मिकों की सराहना की

भीलवाड़ा (स्मार्ट हलचल)जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू के निर्देशन में जिला परिषद सदस्य तथा पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन के लिए मतगणना शुक्रवार को राजकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, तिलक नगर में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। जिले के 45 जिला परिषद वार्डों और 16 पंचायत समितियों के 288 पदों के लिए घोषित अंतिम नतीजों में कांग्रेस ने भारी बढ़त हासिल की है।

🛑 भीलवाड़ा पंचायती राज चुनाव : दलगत स्थिति एक नजर में

  • जिला परिषद (कुल 45 वार्ड): कांग्रेस 31 सीटें | भाजपा 14 सीटें।
  • 16 पंचायत समितियां (कुल 288 सीटें): कांग्रेस 168 | भाजपा 108 | निर्दलीय 10 | आरएलपी 02।

जिला परिषद के 45 वार्डों में कांग्रेस को 31 और भाजपा को मिलीं 14 सीटें

जिला परिषद सदस्य निर्वाचन के अंतिम परिणामों में कांग्रेस ने 45 सीटों में से 31 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी 14 सीटों पर विजयी रहे।

जिले की सभी 16 पंचायत समितियों के अंतिम परिणाम (कुल 288 सीटें)

जिले की 16 पंचायत समितियों की कुल 288 सीटों में से कांग्रेस ने 168, भाजपा ने 108, निर्दलीयों ने 10 तथा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने 2 सीटों पर विजय प्राप्त की है। पंचायत समिति वार परिणाम निम्न प्रकार रहे:

पंचायत समितिकांग्रेसभाजपानिर्दलीय / अन्य
सुवाणा1908–
मांडल1506–
मांडलगढ़1208निर्दलीय: 01
बनेड़ा1205–
करेड़ा1205–
कोटड़ी1116–
शाहपुरा1104–
जहाजपुर1005निर्दलीय: 02
खजूरी1005–
फुलियाकलां1004आरएलपी: 01
हुरड़ा1004निर्दलीय: 02, आरएलपी: 01
सहाड़ा0910–
बिजौलियां0807–
रायपुर0806निर्दलीय: 01
शम्भूगढ़0706निर्दलीय: 02
आसींद0409निर्दलीय: 02

कलेक्टर ने कार्मिकों की सराहना की, वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू ने मतगणना कार्य को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न करवाने में योगदान देने वाले समस्त अधिकारियों और कार्मिकों की सराहना की। मतगणना स्थल पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अतिरिक्त कलक्टर) डॉ. हरीतिमा, अति. जिला कलक्टर (शहर) प्रतिभा देवठिया, एडिशनल एसपी हेमंत नोगिया सहित वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।