धीरज चंदेल सर्वसम्मति से बने अंबेडकर विचार मंच गंगापुर के नए अध्यक्ष

स्वास्थ्य कारणों से ओमप्रकाश चंदेल ने दिया अध्यक्ष पद से इस्तीफा, नई जिम्मेदारी धीरज चंदेल को सौंपी

गंगापुर|स्मार्ट हलचल।अंबेडकर विचार मंच गंगापुर के अध्यक्ष ओमप्रकाश चंदेल ने स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे के बाद मंच की बैठक में सर्वसम्मति से धीरज चंदेल को अंबेडकर विचार मंच गंगापुर का नया अध्यक्ष चुना गया।नवनियुक्त अध्यक्ष धीरज चंदेल ने सभी सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “आप सभी ने मुझ पर जो विश्वास जताया और अंबेडकर विचार मंच गंगापुर के अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसके लिए मैं हृदय की गहराइयों से आप सभी का आभार व्यक्त करता हूं। यह पद मेरे लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के अधूरे सपनों को पूरा करने की दिशा में एक संकल्प है।”
उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने समाज को “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” का मूल मंत्र दिया था, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना पहले था। मंच के माध्यम से बाबा साहब के विचारों, सामाजिक समानता, शिक्षा, जागरूकता एवं समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश चंदेल, पार्षद कृष्ण गोपाल जयनगर, पूर्व नेता प्रतिपक्ष शिवलाल जीनगर, पूर्व मंच अध्यक्ष जगदीश जीनगर, एडवोकेट मदन जीनगर, केवल जीनगर, भंवर लाल राव, संजय जीनगर सहित अंबेडकर विचार मंच के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में नवनियुक्त अध्यक्ष धीरज चंदेल को शुभकामनाएं देते हुए मंच के कार्यों को नई ऊर्जा एवं एकजुटता के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया गया।