सद्गुरु सुखराम जी महाराज का निर्वाण उत्सव श्रद्धा से मनाया, सत्संग में गूंजे ब्रह्मज्ञान और मोक्ष के उपदेश
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।प्रताप नगर स्थित मकान ‘पहचान’ पर रामस्नेही संप्रदाय के सद्गुरु सुखराम जी महाराज का निर्वाण उत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित सत्संग में वक्ता जगदीशप्रसाद जी जागेटिया एवं प्रकाशचंद जी कांकाणी ने गुरु महाराज की शिक्षाओं और उनके ग्रंथ ‘अणभै वाणी’ के आध्यात्मिक संदेशों की व्याख्या करते हुए श्रद्धालुओं को आत्मज्ञान एवं मोक्ष प्राप्ति का मार्ग बताया।वक्ताओं ने कहा कि सद्गुरु सुखराम जी महाराज का जन्म वर्ष 1783 में चैत्र शुक्ल नवमी को गुर्जर गौड़ ब्राह्मण परिवार के पंचारिया गोत्र में हुआ था। महाराज ने युवावस्था में 18 वर्षों तक कठोर तपस्या और साधना कर भक्ति की मिसाल प्रस्तुत की। उन्होंने निर्गुण परमात्मा, जिसे राम कहा गया है, से जुड़ने तथा आत्मतत्व को परमात्मा तत्व में विलीन करने का मार्ग बताया।
प्रवचन में बताया गया कि मनुष्य संतों द्वारा बताए गए ब्रह्मज्ञान और तत्वज्ञान को जीवन में अपनाकर जन्म-मरण के चक्र से मुक्ति की दिशा में आगे बढ़ सकता है। गीता का तत्वज्ञान और संतों का ब्रह्मज्ञान भी इसी आध्यात्मिक सत्य का संदेश देते हैं। महाराज के उपदेश आज भी ‘अणभै वाणी’ ग्रंथ के माध्यम से श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
अंत में गुरु महाराज की अणभै वाणी की आरती एवं बढ़ावा गान किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान दुलराज मकाणा, श्यामसुंदर जागेटिया, रामेश्वर सोमाणी, गोपाल जी फोटो वाले, प्रहलाद शर्मा, वासुदेव शर्मा, भगवानदास, दीपक कांकाणी (सीए), नवीन जागेटिया, राधेश्याम, लाबूराम, भेरूलाल, बद्रीप्रसाद गर्ग सहित अनेक भक्तजन मौजूद रहे।