दिनेश लेखी
पंचायती राज चुनाव में सरपंच, पंचायत समिति डायरेक्टर और जिला पार्षद पद पर गांव के लोगों ने हासिल की जीत, ग्रामीणों में खुशी और गर्व का माहौल
कठूमर।स्मार्ट हलचल।पंचायती राज चुनाव में कठूमर उपखण्ड क्षेत्र के बराड़ा गांव ने एक खास उपलब्धि हासिल की है। गांव से तीन अलग-अलग पदों पर जनप्रतिनिधि निर्वाचित होने से ग्रामीणों में खुशी और उत्साह का माहौल है। सरपंच, पंचायत समिति सदस्य (डायरेक्टर) और जिला परिषद सदस्य के पद पर गांव के प्रतिनिधियों ने जीत दर्ज कर बराड़ा को क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है। ग्रामीण इसे गांव के लिए गौरवपूर्ण अवसर मान रहे हैं।
चुनाव में बराड़ा गांव से बिजेंद्र जाटव (मास्टर) सरपंच, राजेश गुर्जर निर्दलीय पंचायत समिति डायरेक्टर तथा शिब्बो गुर्जर कांग्रेस से जिला पार्षद निर्वाचित हुए हैं। तीनों जनप्रतिनिधियों के अलग-अलग पदों पर चुने जाने से गांव को पंचायत से लेकर जिला स्तर तक प्रतिनिधित्व मिला है।
गांव के लोगों का कहना है कि एक ही गांव से तीन जनप्रतिनिधियों का निर्वाचित होना बराड़ा के लिए सम्मान और खुशी की बात है। इस उपलब्धि से गांव के विकास कार्यों को गति मिलने तथा क्षेत्र की समस्याओं को विभिन्न जनप्रतिनिधि मंचों पर मजबूती से उठाने की उम्मीद जगी है। चुनाव परिणाम के बाद नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को ग्रामीणों की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दी जा रही है।
नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र के लोगों को विकास, मूलभूत सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान की उम्मीद है। जिला परिषद क्षेत्र में आने वाली सभी ग्राम पंचायतों के साथ पंचायत समिति सदस्य क्षेत्र की तीन ग्राम पंचायतों सौंख, बराड़ा और टीकरी तथा बराड़ा ग्राम पंचायत के बराड़ा, छोटा भदीरा और घेरी गांवों के विकास में सामूहिक योगदान देने की अपेक्षा जताई गई है।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि तीनों जनप्रतिनिधि आपसी समन्वय और सहयोग से सड़क, पेयजल, सफाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली सहित अन्य जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देंगे तथा गांवों के विकास, सम्मान और खुशहाली के लिए मिलकर काम करेंगे।बराड़ा गांव से तीन जनप्रतिनिधियों का अलग-अलग पदों पर निर्वाचित होना ग्रामीणों के लिए गौरव का विषय बना है। लोगों का मानना है कि जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल रहने से क्षेत्र की आवाज मजबूती से उठेगी और विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी। ग्रामीणों ने तीनों नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे जनता के विश्वास पर खरे उतरेंगे और क्षेत्र के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।