ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की दर्दनाक मौत, हाथ पर लिखे नाम से हुई पहचान

रायला रेलवे फाटक के आउटर पर हुआ हादसा, मानसिक रूप से अस्वस्थ थे मृतक; पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा

रायला।स्मार्ट हलचल।रायला चौराहे के समीप रेलवे फाटक के आउटर पर रविवार रात हैदराबाद ट्रेन की चपेट में आने से एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना ट्रेन के लोको पायलट ने रायला रेलवे स्टेशन पर दी। सूचना मिलते ही रेलवे स्टेशन के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को रायला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान शुरुआत में नहीं हो पाई थी। उनके हाथ पर नाम लिखा होने के आधार पर पहचान रमेशचंद्र टेलर पुत्र कल्याणमल, उम्र 65 वर्ष निवासी छीपा का मोहल्ला, रायला के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि रमेशचंद्र रविवार शाम करीब 4:30 बजे घर से निकले थे। वे पिछले कई वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे।

घटना की जानकारी मिलने पर रायला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाकर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सुपुर्द कर दिया। घटना के बाद मोहल्ले में शोक की लहर छा गई।