नशे के सौदागरों पर प्रशासन की नजर, स्कूल-कॉलेजों के आसपास चलेगा विशेष निगरानी अभियान

500 मीटर का दायरा होगा ड्रग्स फ्री जोन, अवैध खेती से लेकर नशीली दवाओं की बिक्री तक पर होगी संयुक्त कार्रवाई

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।जिले को नशामुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने अब मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तेज करने की तैयारी की है। नशे की खेती, तस्करी, बिक्री और सेवन पर अंकुश लगाने के लिए विभिन्न विभाग मिलकर निगरानी और कार्रवाई करेंगे। खासतौर पर युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से स्कूल-कॉलेजों के आसपास 500 मीटर के दायरे को ड्रग्स फ्री जोन बनाने पर जोर दिया गया है।जिला कलक्टर कमल राम मीना की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय एनसीओआरडी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय से नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए। सरकारी, वन एवं कृषि भूमि पर मादक पदार्थों की अवैध खेती की संभावनाओं का पता लगाने के लिए सर्वे करवाया जाएगा। इसके लिए वन विभाग, पटवारियों और ग्राम सेवकों की मदद ली जाएगी। वहीं परिवहन विभाग को वाहनों की जांच के दौरान तस्करी में इस्तेमाल होने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए।

शिक्षण संस्थानों के आसपास दुकानों की होगी जांच

स्कूल-कॉलेजों के 500 मीटर के दायरे में संचालित पान एवं चाय की दुकानों का संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा। मेडिकल स्टोर और फार्मास्यूटिकल दवाओं के विक्रेताओं पर भी निगरानी रखी जाएगी। प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं की अवैध बिक्री रोकने के लिए औचक निरीक्षण किए जाएंगे।

नशे की गिरफ्त में आए लोगों की होगी काउंसलिंग

प्रशासन नशे के कारोबार पर कार्रवाई के साथ नशे की लत से प्रभावित लोगों को मुख्यधारा में लाने पर भी ध्यान देगा। इसके लिए काउंसलिंग, नशामुक्ति शिविर और जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन मानस-1933 का प्रचार-प्रसार कर आमजन को तस्करी संबंधी सूचनाएं साझा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

बैठक में ट्रामाडोल, कोडीन युक्त कफ सिरप और अन्य साइकोट्रॉपिक दवाओं के दुरुपयोग की रोकथाम की समीक्षा की गई। तस्करों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की जानकारी जुटाकर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा जिला अस्पतालों के नशामुक्ति केंद्रों की व्यवस्थाओं की निगरानी के निर्देश भी दिए गए।

जिला कलक्टर ने पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों की पालना की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को नियमित निगरानी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. लोकेश, जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी विशाल सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।