25 नवंबर को जिला प्रमुख और 26 को उप-प्रमुख का चुनाव, 27 व 28 नवंबर को पंचायत समितियों में चुने जाएंगे प्रधान-उपप्रधान
अनिल कुमार खीची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।पंचायती राज चुनाव के बाद अब जिला परिषद और पंचायत समितियों में नेतृत्व की तस्वीर साफ होने जा रही है। जिला प्रमुख और उप-प्रमुख की कुर्सी पर कौन काबिज होगा, इसका फैसला 25 और 26 नवंबर को होगा। वहीं पंचायत समितियों में प्रधान और उप-प्रधान के निर्वाचन के लिए 27 व 28 नवंबर की तारीख तय की गई है।जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला परिषद ब्यावर में 25 नवंबर को जिला प्रमुख तथा 26 नवंबर को उप-प्रमुख का निर्वाचन होगा। दोनों दिन सुबह 10 बजे निर्वाचित सदस्यों की बैठक शुरू होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा दोपहर 1 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। आवश्यकता पड़ने पर दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान करवाया जाएगा।
इसी प्रकार पंचायत समितियों के प्रधान एवं उप-प्रधान पदों के लिए 27 और 28 नवंबर को संबंधित पंचायत समिति मुख्यालयों पर निर्वाचित सदस्यों की बैठक आयोजित होगी। निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न करवाई जाएगी।