उनियारा कॉलेज के सामने बस नहीं रोकने और प्राचार्य से अभद्रता का मामला गरमाया,

पार्षदों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन-बारां डिपो की बस के चालक पर अभद्र व्यवहार का आरोप,

* पुलिसकर्मी के व्यवहार पर भी उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

शिवराज बारवाल मीना

टोंक/उनियारा। स्मार्ट हलचल।राजकीय महाविद्यालय उनियारा के सामने निर्धारित रोडवेज बस स्टॉप पर बस नहीं रोकने और कॉलेज प्राचार्य व सहायक आचार्य के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को लेकर नगर पालिका उनियारा के पार्षदों ने रोष जताते हुए उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।पार्षदों की ओर से उपखंड अधिकारी उनियारा को लिखे गए पत्र के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे बारां डिपो की रोडवेज बस संख्या RJ-14-PE-4882 के चालक सत्यनारायण धोबी ने निर्धारित रोडवेज स्टॉप पर बस नहीं रोकी। आरोप है कि इस बात को लेकर राजकीय महाविद्यालय उनियारा के प्राचार्य एवं सहायक आचार्य के साथ अभद्र एवं अशोभनीय व्यवहार किया गया। ज्ञापन में बताया गया कि घटना की जानकारी मिलने पर नजदीकी पुलिस थाने से एक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचा। कॉलेज प्रशासन का आरोप है कि पुलिसकर्मी ने भी प्राचार्य से अशोभनीय भाषा में बातचीत की। बाद में दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया। पार्षदों ने पत्र में कहा कि महाविद्यालय के सामने निर्धारित रोडवेज बस स्टॉप विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आमजन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी क्षेत्र में राजकीय चिकित्सालय, कृषि मंडी, छात्रावास, संस्कृत विद्यालय एवं जलदाय विभाग सहित कई महत्वपूर्ण संस्थान स्थित हैं। ऐसे में निर्धारित स्टॉप पर बसों का ठहराव आवश्यक है। पार्षदों ने उपखंड अधिकारी से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच करवाने, संबंधित व्यक्तियों के आचरण एवं भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निर्देश जारी करने की मांग की है। इसके साथ ही रोडवेज बसों का निर्धारित स्टॉपेज पर नियमित ठहराव सुनिश्चित करवाने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया गया है। पार्षदों ने उपखंड अधिकारी की अनुपस्थिति में उनके रीडर सीताराम कंवरिया को पत्र सौंपा।