शहीद की पुण्यतिथि पर रक्तदान का महादान, 137 यूनिट रक्त संग्रह कर युवाओं ने पेश की मिसाल

रमेश चंद्र डाड

अमर शहीद जगन्नाथ मीणा को श्रद्धांजलि देने उमड़े ग्रामीण, रक्तदाताओं और क्षेत्रवासियों के सहयोग से सफल हुआ शिविर

आकोला|स्मार्ट हलचल।बरुंदनी में अमर शहीद जगन्नाथ मीणा की पुण्यतिथि पर आयोजित रक्तदान शिविर में युवाओं और ग्रामीणों ने सेवा भावना का परिचय देते हुए 137 यूनिट रक्तदान किया। शहीद की स्मृति में आयोजित इस शिविर में रक्तदाताओं का उत्साह देखते ही बना। बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर जरूरतमंदों की मदद के लिए रक्तदान किया और शहीद को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम की शुरुआत शहीद जगन्नाथ मीणा स्मारक स्थल पर उनकी प्रतिमा पर तिलक लगाकर एवं माला अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। उपस्थित लोगों ने शहीद के बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया। इसके बाद सहयोग सेवार्थ फाउंडेशन एवं शहीद जगन्नाथ मीणा ब्लड आर्मी के संयुक्त तत्वावधान में स्मारक स्थल के सामने रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।

शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चला। कोटड़ी श्याम ब्लड बैंक के सहयोग से डॉ. माधुरी विश्नोई के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने रक्त संग्रहण एवं चिकित्सा व्यवस्थाएं संभालीं। शिविर में कुल 137 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

आयोजन की सफलता पर आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, समस्त ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग, उत्साह और सेवा भावना से शिविर सफल हो सका। रक्तदान करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का योगदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। शहीद की पुण्यतिथि पर आयोजित इस शिविर ने समाज को मानवता, एकता और सेवा का संदेश दिया।