लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर खड़ी स्कूली बस में ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, चार छात्रों की मौत और 25 घायल; जहांगीर नगर गहुरा का रहने वाला था अरमान
खखरेरू/स्मार्ट हलचल।फतेहपुर कन्नौज जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में खखरेरू थाना क्षेत्र के एक छात्र की मौत हो गई। पिकनिक मनाकर लौट रही स्कूली बस को सड़क किनारे खड़े होने के दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक छात्र घायल हो गए। मृतकों में जहांगीर नगर गहुरा गांव निवासी कक्षा दस का छात्र अरमान (17) भी शामिल है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई
जानकारी के अनुसार कौशांबी जनपद के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस करीब 50 छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ समेत लगभग 60 लोगों को लेकर मथुरा और आगरा में पिकनिक मनाने गई थी। मंगलवार रात करीब 12 बजे बस आगरा से कौशांबी के लिए रवाना हुई थी। सुबह लगभग छह बजे कन्नौज जिले के ठठिया थाना क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बच्चों के शौचालय जाने के लिए बस सड़क किनारे रोकी गई थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई बच्चे सीटों के बीच फंस गए। हादसे में चार छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक बच्चे घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में जान गंवाने वाला अरमान खखरेरू थाना क्षेत्र के जहांगीर नगर गहुरा गांव निवासी रियाज अहमद का पुत्र था। वह कक्षा दस में पढ़ता था। अरमान दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसका छोटा भाई रहमान भी इसी विद्यालय में पढ़ता है, लेकिन वह पिकनिक पर नहीं गया था।
अरमान की मौत की खबर सुनते ही मां सोनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे की मौत के सदमे में वह बार-बार बेसुध हो जा रही हैं, वहीं पिता रियाज अहमद भी गम में डूबे हैं। परिजन सूचना मिलते ही घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव गांव पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद बुधवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। हादसे की खबर से पूरे गांव में शोक का माहौल है।