जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक…सड़क हादसों के हॉटस्पॉट पर प्रशासन का एक्शन प्लान 

*जिले के 137 दुर्घटना संभावित स्थलों पर होगा सुधार, 32 ब्लैक स्पॉट पर विशेष फोकस*

 

कलक्टर संधू ने दिए 15 दिन में संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश, जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम के तहत बनेगी कार्ययोजना

पंकज पोरवाल

भीलवाड़ा । स्मार्ट हलचल।सड़क हादसों में होने वाली मौतों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन अब दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार की मुहिम चलाएगा। जिले के 137 दुर्घटना संभावित स्थलों के साथ राष्ट्रीय राजमार्गों के 23 और शहरी क्षेत्र के 9 ब्लैक स्पॉट पर स्थायी सुधार किए जाएंगे। इसके लिए संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें मौके पर निरीक्षण कर हादसों के कारणों की पहचान करेंगी और 15 दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिला स्तरीय कार्ययोजना तैयार की जाए। सभी संबंधित विभागों के प्रभारी अधिकारी नियुक्त कर संयुक्त निरीक्षण और नियमित समीक्षा बैठक की जाए। सेव लाइफ फाउंडेशन की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर दुर्घटना स्थलों पर आवश्यक सुधार कार्य भी करवाए जाएं। बैठक में सेव लाइफ फाउंडेशन नई दिल्ली के सदस्य गौतम पठारे ने जिले में जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम के तहत प्रस्तावित कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया। इसमें दुर्घटनाओं में मृत्यु रोकने के लिए संवेदनशील स्थलों की पहचान, सड़क इंजीनियरिंग में सुधार और विभागीय समन्वय पर जोर दिया गया। कलक्टर ने पीएम राहत योजना और गुड सेमेरिटन योजना का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करने तथा 137 दुर्घटना संभावित स्थलों पर बैनर-पोस्टर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने ई-डार पोर्टल पर दुर्घटनाओं के आंकड़े समय-समय पर अपडेट करने, मार्गदर्शक पोर्टल पर सही जानकारी दर्ज करने और इसके लिए विभागवार कैलेंडर तैयार करने को कहा। सर्विस रोड से मुख्य सड़क पर आने वाले वाहनों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए भी विशेष उपाय करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क सुरक्षा मित्र योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों का पंजीयन कराने और आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।