जैनाचार्य विजयराज महाराज ने प्रवचन में बताईं धर्म की सात उपलब्धियां, आत्मसंयम और पाप कर्मों से बचने का किया आह्वान
अनिल कुमार खीची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।नवकार भवन में श्री साधुमार्गी शांत क्रांति जैन श्रावक संघ के तत्वावधान में आयोजित भक्ति समुल्लास वर्षावास प्रवचन श्रृंखला में जैनाचार्य विजयराज महाराज ने धर्म की सात प्रमुख उपलब्धियों का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि धर्म का वास्तविक उद्देश्य केवल धार्मिक क्रियाएं करना नहीं, बल्कि अपने आचरण को शुद्ध बनाकर जीवन में सद्गुणों को अपनाना है।
उन्होंने कहा कि धर्म-साधना के लिए स्वस्थ शरीर, निर्मल बुद्धि, उत्साह, अनुशासन, दृढ़ लगन, पाप के प्रति भय और संतों का मार्गदर्शन आवश्यक है। मनुष्य जीवन दूसरों की पीड़ा दूर करने और उनके सुख-स्वास्थ्य के लिए प्रयास करने का अवसर है। दूसरों के कल्याण की भावना रखने से स्वयं का जीवन भी बेहतर बनता है।
जैनाचार्य ने कहा कि बिना उत्साह कोई भी कार्य सफल नहीं होता। धर्म के प्रति दृढ़ संकल्प से कठिन बाधाओं को भी पार किया जा सकता है। अज्ञानवश किए गए पाप कर्मों का परिणाम भी दुखदायी होता है, इसलिए जीव हत्या सहित सभी पाप कर्मों से बचना चाहिए।
उन्होंने आत्मसंयम का संदेश देते हुए कहा कि पाप करते समय हाथ कांपने चाहिए और पाप का विचार आते ही मन विचलित होना चाहिए। संतों के मार्गदर्शन से धर्म के वास्तविक स्वरूप को समझकर उसे जीवन में उतारा जा सकता है। उन्होंने कहा कि दूसरों की कमियां तलाशने के बजाय व्यक्ति को अपने दोष सुधारने पर ध्यान देना चाहिए। यही आत्मकल्याण और सच्ची धर्म-साधना का मार्ग है।