दौसा निवासी दोनों सगे भाइयों की मौत, छोटे भाई को बचाने टैंक में उतरा बड़ा भाई, जहरीली गैस ने दोनों की जान ली
पंकज पोरवाल
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल।जिले के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र की आरएसडब्ल्यूएम फैक्ट्री में काले पानी का टैंक दो सगे भाइयों के लिए मौत का कुआं बन गया। सफाई के दौरान छोटा भाई जहरीली गैस की चपेट में आकर टैंक में बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए बड़ा भाई भी अंदर उतर गया, लेकिन जहरीली गैस ने दोनों की जिंदगी छीन ली। जानकारी के अनुसार आरएसडब्ल्यूएम फैक्ट्री में काले पानी के टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। छोटा भाई टैंक में सफाई के लिए उतरा था। जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आया तो अनहोनी की आशंका में बड़ा भाई उसे बचाने के लिए टैंक में उतर गया। अंदर जहरीली गैस के कारण दोनों बेहोश हो गए और बाहर नहीं निकल सके। मृतकों की पहचान दौसा जिले के रामपुरा निवासी रोशन (33) और राजू (31) पुत्र बद्री प्रसाद बैरवा के रूप में हुई है। दोनों भाई ठेकेदार जादू एंटरप्राइजेज के अधीन आरएसडब्ल्यूएम फैक्ट्री में काम करने आए थे। मंगलवार को दोनों को फैक्ट्री परिसर में स्थित काले पानी के टैंक की सफाई का काम सौंपा गया था। बताया जा रहा है कि सफाई कार्य के दौरान पहले छोटा भाई राजू टैंक के अंदर उतरा था, जबकि बड़ा भाई रोशन बाहर खड़ा था। काफी देर तक राजू के बाहर नहीं आने पर रोशन को चिंता हुई। भाई के साथ किसी अनहोनी की आशंका में वह उसे बचाने के लिए खुद भी टैंक के अंदर उतर गया। टैंक में मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से दोनों भाई अंदर ही अचेत हो गए। टैंक में दोनों भाइयों को अचेत देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल दोनों को बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना से फैक्ट्री परिसर में शोक और हड़कंप का माहौल हो गया। घटना के बाद दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि टैंक की सफाई के दौरान सुरक्षा के निर्धारित इंतजाम किए गए थे या नहीं। जहरीली गैस की मौजूदगी के बावजूद श्रमिकों को टैंक में उतारने से पहले आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाए गए थे या नहीं, यह भी जांच का विषय, है।