जीरो पुलिया पर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, लग्जरी से लेकर निजी व स्लीपर बसों तक की हुई पड़ताल
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।यात्रियों की जान से खिलवाड़ अब बस संचालकों को भारी पड़ सकता है। बसों में सुरक्षा इंतजामों की हकीकत जानने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से रोड सेफ्टी अभियान 2.0 के तहत बुधवार को जीरो पुलिया, उदयपुर रोड पर औचक निरीक्षण किया गया। खास बात यह रही कि इस बार कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए लग्जरी बसों के साथ स्थानीय, निजी और स्लीपर बसों को भी जांच के घेरे में लिया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश सोनल पारिख के निर्देशन में जिला परिवहन अधिकारी और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, आपातकालीन निकास द्वार, अग्निशामक यंत्र सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की। निरीक्षण के दौरान कुछ बसों में सुरक्षा मानकों की कमियां और अनधिकृत मॉडिफिकेशन पाए गए। इस पर संबंधित बस संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चालान किए गए।
सोनल पारिख ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। बसों में आपातकालीन निकास और अग्निशमन उपकरणों की अनदेखी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के तहत औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे और नियमों की अवहेलना करने वाले बस संचालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान का उद्देश्य केवल नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना लगाना नहीं, बल्कि बस संचालकों में सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना और यात्रियों को सुरक्षित सफर उपलब्ध कराना है।