गुरु परंपरा के आगे नतमस्तक हुए जगद्गुरु रामदयालजी, दंडवत प्रणाम कर रामनिवास धाम में किया प्रवेश

33वां चातुर्मास पूर्ण कर शाहपुरा लौटे आचार्यश्री, बोले- इंसान जुड़ेगा तो राष्ट्र जुड़ेगा

शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल|रामस्नेही संप्रदाय के पीठाधीश्वर जगद्गुरु आचार्यश्री रामदयालजी महाराज 33वां चातुर्मास पूर्ण करने के बाद गुरुवार को शाहपुरा पहुंचे। भीलवाड़ा में संपन्न हुए इस वर्ष के चातुर्मास के बाद रामनिवास धाम में उनका आगमन गुरु परंपरा, श्रद्धा और विनम्रता के अनूठे दृश्यों का साक्षी बना। संप्रदाय की परंपरा के अनुरूप आचार्यश्री ने धाम में प्रवेश से पहले समाधियों, मुख्य द्वार और गुरु गादी के समक्ष दंडवत प्रणाम किया। उनके इस भावपूर्ण नमन को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
आचार्यश्री का इस वर्ष का चातुर्मास भीलवाड़ा में संपन्न हुआ। यह भीलवाड़ा में संप्रदाय का पांचवां चातुर्मास था। समापन के बाद वे भीलवाड़ा के रामस्नेही सत्संगीजनों और चातुर्मास आयोजक परिवारों के साथ काफिले के रूप में शाहपुरा पहुंचे। रामनिवास धाम में कार्यवाहक भंडारी संत नवनिधराम महाराज ने दंडवत प्रणाम कर उनकी अगवानी की।
इसके बाद आचार्यश्री ने स्वयं रामनिवास धाम को दंडवत प्रणाम कर प्रवेश किया। रास्ते में दिवंगत आचार्यश्री रामकिशोरजी महाराज सहित पूर्व आचार्यों की समाधियों के समक्ष भी नतमस्तक हुए। मुख्य प्रवेश द्वार सूरजपोल पर दंडवत प्रणाम करने के बाद बारादरी पहुंचे। यहां गादीजी को प्रणाम किया और मोरपंख से गादीजी को वारकर श्रद्धा व्यक्त की। इसके बाद गादी पर विराजमान हुए, जहां श्रद्धालुओं ने प्रणाम कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान आरती-वंदना की गई तथा सरूपाबाई भक्त महिला मंडल ने भजनों की प्रस्तुति दी।
आचार्यश्री ने सिरह भंडार पहुंचकर आद्याचार्य महाप्रभु रामचरणजी महाराज के स्थान पर प्रणाम किया। इसके बाद संतों के साथ समाधि स्तंभजी पहुंचे और दंडवत प्रणाम कर अरदास की। उन्होंने स्तंभजी की परिक्रमा की तथा आद्याचार्य की अखंड ज्योत के दर्शन किए। यहां वैश्विक कल्याण की मंगल कामना की। बाद में न्याय के आसन पर विराजमान होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया।
मानवता से ही जुड़ेगा राष्ट्र
इस अवसर पर समाधि स्तंभजी की साक्षी में आचार्यश्री ने कहा कि भीलवाड़ा में उनका 33वां और संप्रदाय का पांचवां चातुर्मास स्वर्णिम इतिहास के साथ सानंद संपन्न हुआ। आज देश में मानवता को जोड़ने और श्जियो और जीने दोश् के सिद्धांत को अपनाकर सकारात्मक विचारधारा बढ़ाने की आवश्यकता है। आद्याचार्य महाप्रभु रामचरणजी महाराज ने भी वर्षों पहले यही सिद्धांत दिया था।
उन्होंने कहा, इंसान जुड़ता है तो राष्ट्र जुड़ता है। व्यक्ति जुड़ेगा तो राष्ट्र जुड़ेगा। मानव धर्म से जुड़कर ही राम और राष्ट्र धर्म से जुड़ा जा सकता है। हमें राष्ट्र के लिए जागना होगा तथा मानवता, धर्म और संस्कृति का जागरण करना होगा। राम प्रकाश हैं, धर्म हैं, संयम हैं और शक्ति हैं। राम ही राष्ट्र धर्म हैं।
इस अवसर पर संत नरपतराम उदयपुर, संत नानूराम, संत प्रितराम, ट्रस्टी रामगोपाल सोमाणी, बालूराम सोमाणी कपासन, अशोक कुमार अजमेरा, मुरली इनाणी और अशोक गगराणी सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे। भीलवाड़ा से अशोक अजमेरा की अगुवाई में पहुंचे श्रद्धालुओं की ओर से चातुर्मास की अंतिम रसोई का आयोजन भी किया गया।