पहली बार आयोजित होगा दो दिवसीय माउंट आबू बर्ड फेस्टिवल, 400 विद्यार्थी लेंगे भाग; पक्षी विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों और वन्यजीव संरक्षणवादियों के होंगे विशेष व्याख्यान
उदयपुर- माउंटआबू,26 नवंबर।स्मार्ट हलचल|अरावली की सुरम्य वादियों में बसे राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में प्रकृति, पक्षियों और जैव विविधता का अनूठा उत्सव सजने जा रहा है। यहां पहली बार 28 और 29 नवंबर को दो दिवसीय ‘माउंट आबू बर्ड फेस्टिवल-2026’ आयोजित होगा। पक्षियों के संरक्षण, प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा और नई पीढ़ी में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से होने वाले इस महोत्सव में देश के जाने-माने पक्षी विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, प्रकृतिविद्, वन्यजीव संरक्षणकर्ता और पक्षी प्रेमी जुटेंगे। करीब 400 विद्यार्थियों की सहभागिता भी इस आयोजन का विशेष आकर्षण होगी।
ग्रीन पीपल सोसायटी (जीपीएस), उदयपुर के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस महोत्सव को राजस्थान वन विभाग, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की आंतरिक सुरक्षा अकादमी और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया का सहयोग मिलेगा। आयोजन स्थल माउंट आबू स्थित सीआरपीएफ की आंतरिक सुरक्षा अकादमी का परिसर निर्धारित किया गया है।
*28 नवंबर को होगा उद्घाटन, विशिष्ट अतिथि रहेंगे कई प्रमुख व्यक्तित्व*
ग्रीन पीपल सोसायटी के अध्यक्ष एवं रिटायर्ड सीसीएफ राहुल भटनागर ने बताया कि महोत्सव का उद्घाटन समारोह 28 नवंबर को सुबह 11:30 बजे आंतरिक सुरक्षा अकादमी (आईएसए), माउंट आबू में आयोजित होगा। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में जोधपुर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. वीरेंद्र सिंह जाटावत, राजस्थान के मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक आईएफएस शशि शंकर पाठक, 23 राजपूत के कर्नल जितेंद्र सिंह तोमर, सिरोही जिला कलेक्टर रोहिताश, सीआरपीएफ आंतरिक सुरक्षा अकादमी के कमांडेंट महेंद्र कुमार तथा आबू नगरपालिका बोर्ड के अध्यक्ष सुनील आचार्य शामिल होंगे।
भटनागर ने बताया कि यह आयोजन क्षेत्र के प्रसिद्ध प्रकृतिविद् एवं पक्षी प्रेमी स्वर्गीय श्री अनिल माथुर की स्मृति को समर्पित है। उनके प्रकृति संरक्षण के प्रति योगदान और समर्पण को याद करते हुए महोत्सव के माध्यम से पक्षियों एवं प्राकृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
*चार विशेषज्ञ देंगे पक्षियों और वन्यजीव संरक्षण पर व्याख्यान*
सोसाइटी के उपाध्यक्ष एवं रिटायर्ड आईएएस विक्रम सिंह ने बताया कि महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 28 नवंबर को दोपहर 2:45 से शाम 5 बजे तक आयोजित होने वाला तकनीकी सत्र होगा। इसमें देश के चार प्रतिष्ठित विशेषज्ञ पक्षियों, वन्यजीवों और प्राकृतिक पारिस्थितिकी से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे।
*डॉ. रजत भार्गव – पक्षी विज्ञानी*
राजस्थान में संकटग्रस्त ग्रीन अवदावत के संरक्षण पर व्याख्यान देंगे। वे स्वतंत्र पक्षी विज्ञानी हैं और बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसायटी (बीएनएचएस) में सहायक निदेशक के पद पर कार्य कर चुके हैं।
*डॉ. सुतिर्था दत्ता – पारिस्थितिकीविद्*
‘द अम्ब्रेला कॉल्ड बस्टर्ड’ विषय पर व्याख्यान देंगे। वे भारतीय वन्यजीव संस्थान से जुड़े वैज्ञानिक हैं और ग्रेट इंडियन बस्टर्ड की पारिस्थितिकी एवं संरक्षण पर शोध कर चुके हैं।
*अभिषेक रे – संगीतकार एवं वन्यजीव संरक्षणकर्ता*
‘बाघ : द इनसाइड स्टोरी’ विषय पर अपनी बात रखेंगे। फिल्म संगीत और वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय अभिषेक रे ने सीताबनी वन्यजीव अभयारण्य के संरक्षण एवं विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
*विजयादित्य सिंह राठौड़ – वन्यजीव जीवविज्ञानी एवं लेखक*
‘कृषि परिवर्तन और थार मरुस्थल में अकशेरुकी एवं पक्षी अकशेरुकी जीवों का पतन’ विषय पर व्याख्यान देंगे। वे वन्यजीव फिल्म निर्माण के माध्यम से प्राकृतिक दुनिया की कहानियां सामने लाने के लिए भी सक्रिय हैं।
*400 विद्यार्थियों को मिलेगा पक्षियों को करीब से जानने का अवसर*
महोत्सव का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकृति और पक्षियों की दुनिया से जोड़ना है। प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों के करीब 400 विद्यार्थियों को आयोजन में शामिल करने की योजना है। इनके लिए चित्रकला प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी और जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित होंगी। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में बर्ड वॉक और बर्ड ट्रेल के माध्यम से विद्यार्थी प्राकृतिक परिवेश में पक्षियों की पहचान, उनके व्यवहार और आवास के बारे में व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करेंगे।
आयोजकों का प्रयास है कि विद्यार्थियों में पक्षियों के प्रति केवल जिज्ञासा ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण की जिम्मेदारी का भाव भी विकसित हो। इसके लिए विद्यालयों में पक्षी क्लब बनाने और दीर्घकालीन संरक्षण गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की योजना भी है।
*250 से अधिक पक्षी प्रजातियों का प्राकृतिक खजाना है माउंट आबू*
पक्षी विशेषज्ञ डॉ. सतीश शर्मा ने बताया कि माउंट आबू वन्यजीव अभयारण्य अपनी विशिष्ट जलवायु, हरियाली और समृद्ध जैव विविधता के लिए जाना जाता है। यहां 250 से अधिक पक्षी प्रजातियां दर्ज की गई हैं। ग्रीन मुनिया, इंडियन पैराडाइज फ्लाईकैचर, क्रेस्टेड सर्पेंट ईगल और इंडियन पिट्टा जैसी प्रजातियां पक्षी प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण हैं।
अरावली की ऊंची पहाड़ियों, वन क्षेत्रों और विविध प्राकृतिक आवासों के कारण माउंट आबू पक्षी अवलोकन के लिए राजस्थान के महत्वपूर्ण स्थलों में शामिल है। बर्ड फेस्टिवल के जरिए इस प्राकृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ ही इसके सामने मौजूद पर्यावरणीय चुनौतियों पर भी चर्चा होगी।
*दो दिवसीय आयोजन से आगे बढ़ेगा संरक्षण का अभियान*
ग्रीन पीपल सोसायटी की योजना इस महोत्सव को केवल दो दिवसीय उत्सव तक सीमित रखने की नहीं है। इसे वार्षिक संरक्षण अभियान के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत पक्षी गणना, ई-बर्ड के माध्यम से नागरिक विज्ञान को बढ़ावा देने, विद्यालयों में बर्ड क्लब स्थापित करने, प्राकृतिक आवासों के पुनर्स्थापन और संरक्षण संबंधी व्याख्यान जैसी गतिविधियां प्रस्तावित हैं।
आयोजन को प्लास्टिक मुक्त और पर्यावरण अनुकूल बनाने पर भी विशेष जोर रहेगा। इससे स्थानीय युवाओं, प्रकृति गाइडों और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को प्रकृति आधारित पर्यटन के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
माउंट आबू में पहली बार होने जा रहा यह बर्ड फेस्टिवल राजस्थान की प्राकृतिक संपदा को नई पहचान देने के साथ ही पक्षी संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।
फोटो कैप्शन
फोटो 1: माउंट आबू बर्ड फेस्टिवल-2026 के तकनीकी सत्र में व्याख्यान देने वाले पक्षी विशेषज्ञ डॉ. रजत भार्गव, डॉ. सुतिर्था दत्ता, अभिषेक रे और विजयादित्य सिंह राठौड़।
फोटो 2: 28-29 नवंबर को आयोजित होने वाले माउंट आबू बर्ड फेस्टिवल-2026 का लोगो