अंतिम संस्कार में पहुंचे गोविंद सिंह का पैर खड्डे में गिरा, बाल-बाल बचे; कई दिनों से मरम्मत का इंतजार
भीलवाड़ा जिले के गंगापुर सहाड़ा/चीड़खेड़ा।स्मार्ट हलचल|ग्राम पंचायत चीड़खेड़ा में श्मशान भूमि के पास टूटा पड़ा नाला अब राहगीरों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बन गया है। कई दिनों से नाले की मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। चीड़खेड़ा से कुत्तिया स्थित शिव भोलेनाथ मंदिर जाने वाले मार्ग पर स्थित इस नाले से प्रतिदिन ग्रामीणों का आवागमन रहता है। वहीं श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार में शामिल होने आने वाले लोगों को भी इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है।
टूटे नाले के कारण रास्ते से गुजरने वाले लोगों को हादसे का डर बना रहता है। खासकर रात के अंधेरे में खड्डा दिखाई नहीं देने से दुर्घटना होने की आशंका है। खुले नाले में छोटे जीव-जंतुओं के गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
अंतिम संस्कार के दौरान हुआ हादसा
श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे गोविंद सिंह का पैर अचानक टूटे नाले के खड्डे में जा गिरा। गनीमत रही कि वे गंभीर चोट से बच गए। इस घटना ने रास्ते की बदहाल स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान घाट जैसे महत्वपूर्ण स्थान के रास्ते पर कई दिनों से नाला टूटा पड़ा है, लेकिन ग्राम पंचायत की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत चीड़खेड़ा एवं संबंधित प्रशासन से नाले की तत्काल मरम्मत करवाने और सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि जिम्मेदार इस समस्या का समाधान कब करेंगे? क्या पंचायत किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही है?